शहडोल- पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे चार युवक, तीन की डूबने से मौत, जमकर हंगामा

शहडोल- पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे चार युवक, तीन की डूबने से मौत, जमकर हंगामा

प्रेषित समय :12:16:07 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार शाम पुलिस वाहन देखकर चार युवक चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में कूद गए. इनमें तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक तैरकर बाहर निकल आया. करीब एक घंटे की तलाश के बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तीनों के शव बाहर निकाले. घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई. सूचना पर सोहागपुर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम ने तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया. मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है. तीनों कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ले में रहते थे. वहीं, बाहर निकले पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है.

पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदने का आरोप

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि पुलिस का गश्ती वाहन देखकर युवक डर गए और बचने के लिए तालाब में कूद गए. उनका कहना है कि युवकों को समय पर बचाने के प्रयास नहीं किए गए. हालांकि, पुलिस ने अभी युवकों के तालाब में कूदने की वजह स्पष्ट नहीं की है. सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है.

डॉक्टरों की अनुपस्थिति और एंबुलेंस में देरी पर हंगामा

युवकों को जिला अस्पताल लाने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों की अनुपस्थिति और एंबुलेंस पहुंचने में देरी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने धरना दिया. उनका कहना था कि समय पर एंबुलेंस और डॉक्टर उपलब्ध होते तो युवकों की जान बच सकती थी.

रात 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे अधिकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे. उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने परिजनों और कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. अस्पताल में देर रात करीब 3 बजे तक हंगामा होता रहा. प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद लोग शांत हुए. घटनास्थल पर भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.

कलेक्टर ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति

घटना और अस्पताल में लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच के लिए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है. इसमें प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह, पुलिस विभाग से एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान और स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ को शामिल किया गया है. समिति घटना के साथ ही बचाव कार्य, एंबुलेंस की उपलब्धता और अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े आरोपों की जांच करेगी.

तीनों परिवारों को 25-25 हजार की सहायता

मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा. इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. कलेक्टर ने मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इस तरह तीनों परिवारों को कुल 75 हजार रुपये की सहायता मिलेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-