इजराइल से जबलपुर पहुंचीं दो यहूदी बहनें, पूर्वजों की कब्रों पर जलाए चिराग, नम आंखों से बयां की अपनी मिट्टी की तड़प

इजराइल से जबलपुर पहुंचीं दो यहूदी बहनें, पूर्वजों की कब्रों पर जलाए चिराग, नम आंखों से बयां की अपनी मिट्टी की तड़प

प्रेषित समय :17:38:12 PM / Tue, Nov 10th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. वक्त भले ही सदियों के फासले तय कर ले और सरहदें इंसानों को हजार किलोमीटर दूर कर दें, लेकिन जन्मभूमि का मोह और पूर्वजों की यादें कभी धुंधली नहीं होतीं. ऐसा ही एक बेहद भावुक और मर्मस्पर्शी नजारा जबलपुर के रानीताल स्थित ऐतिहासिक यहूदी कब्रिस्तान में देखने को मिला, जब इजराइल से दो यहूदी महिलाएं सिर्फ इसलिए भारत आईं ताकि वे अपने पुरखों की आरामगाह पर श्रद्धा के दो चिराग जला सकें.

करीब एक सदी पहले, ब्रिटिश हुकूमत के दौर में जबलपुर सेना और भारतीय रेलवे का एक प्रमुख केंद्र हुआ करता था. उस दौर में रानीताल श्मशान घाट के पास लगभग 200 यहूदी परिवारों को बसाया गया था और कब्रिस्तान के लिए करीब 5 हजार वर्गफीट जमीन आवंटित की गई थी. प्रथम और द्वितीय विश्व युद्ध में अपनी बहादुरी का लोहा मनवाने वाले सैन्य अधिकारियों और आम यहूदी नागरिकों के जिस्म इसी पवित्र धरा की आगोश में सोए हुए हैं. 1948 में इजराइल देश के गठन के बाद अधिकांश परिवार धीरे-धीरे इजराइल, ब्रिटेन और अमेरिका चले गए, लेकिन उनकी रूह आज भी जबलपुर की इस माटी से बंधी हुई है.

इजराइल से आईं महिलाओं में से एक ने नम आंखों से अपनी यादों के पन्ने पलटते हुए बताया कि उनका जन्म वर्ष 1951 में जबलपुर में ही हुआ था. यहाँ की गलियों में बीता बचपन और शहर की आबो-हवा उनकी रगों में आज भी रची-बसी है. वर्ष 1977 में वे अपने परिवार के साथ जबलपुर छोड़कर अहमदाबाद गईं और फिर हमेशा के लिए इजराइल में जाकर बस गईं. लेकिन इतने दशकों बाद भी दिल का एक कोना हमेशा अपनी जन्मभूमि के लिए धड़कता रहा. कब्रिस्तान पहुंचकर जब दोनों महिलाओं ने अपने माता-पिता और पूर्वजों की कब्रों को छुआ, तो उनके आंसू छलक पड़े.

उन्होंने बड़ी अकीदत के साथ कब्रों की सफाई की, दिए जलाए और हाथ जोड़कर ईश्वर से अपने पुरखों की शांति के लिए प्रार्थना की. हालांकि, इस भावुक मिलन के बीच उनका दिल तब तार-तार हो गया जब उन्होंने देखा कि उनके पूर्वजों की इस पावन आरामगाह पर भू-माफियाओं की बुरी नजर पड़ चुकी है और अतिक्रमण की कोशिशें हो रही हैं. मध्यप्रदेश के इस इकलौते यहूदी कब्रिस्तान की दुर्दशा पर दुख जताते हुए उन्होंने इसे अपनी बहुलतावादी सांस्कृतिक विरासत का अटूट हिस्सा बताया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-