नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने की होड़ रेलवे कर्मचारियों की ड्यूटी तक पहुंच गई है. लोको पायलट, गार्ड, स्टेशन मास्टर और सिग्नल मेंटेनर जैसे जिम्मेदार पदों पर तैनात कर्मचारी भी ड्यूटी के दौरान रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों ने इस पर चिंता जताते हुए कहा है कि इससे रेल परिचालन की सुरक्षा प्रभावित होने के साथ संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक हो रही हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन चलाते लोको पायलट, पैनल दिखाते स्टेशन मास्टर, ब्रेक वैन में काम करते गार्ड और सिग्नल का आदान-प्रदान करते पॉइंट्समैन के वीडियो सामने आए हैं. कुछ कर्मचारी लोकोमोटिव की चाबियों, हैंडल, ब्रेकिंग सिस्टम और स्पीडोमीटर की कार्यप्रणाली भी वीडियो में दिखा रहे हैं.
2021 में जारी हुए थे निर्देश
रेल मंत्रालय को वर्ष 2021 में सीपीग्राम पोर्टल पर शिकायत मिली थी कि लोकोमोटिव के संचालन से जुड़े वीडियो यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जा रहे हैं. इसके बाद मंत्रालय ने क्षेत्रीय रेलवे को कर्मचारियों को ऐसे वीडियो बनाने और साझा करने से रोकने के निर्देश दिए थे. इसके बावजूद ऐसी गतिविधियां सामने आ रही हैं.
युवा ही नहीं, अनुभवी कर्मचारी भी शामिल
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रील बनाने वालों में ज्यादातर युवा कर्मचारी हैं, लेकिन मुख्य लोको निरीक्षकों जैसे अनुभवी कर्मचारी भी इसमें शामिल हैं. कई वीडियो में कर्मचारियों को वॉकी-टॉकी पर बातचीत करते, पटरियों पर चलते और ट्रेन संचालन के दौरान मोबाइल से शूटिंग करते देखा गया है.
एकाग्रता प्रभावित होने का खतरा
एक वरिष्ठ लोको पायलट के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाने से ध्यान काम से हटकर कैमरे पर चला जाता है. इससे एकाग्रता प्रभावित होती है और परिचालन में गलती की आशंका बढ़ती है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा से जुड़े पदों पर तैनात कर्मचारियों की ऐसी गतिविधियां गंभीर लापरवाही हैं. एक पल की चूक भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


