रायपुर.चलती ट्रेन में आतिशबाजी कर यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले युवक के खिलाफ रेलवे पुलिस ने कार्रवाई की है। दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस के जनरल कोच के बाहर पटाखे जलाने के मामले में आरपीएफ (RPF) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त कार्रवाई में सुरजीत सिंह नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रायपुर और बिलासपुर के बीच उस समय हुई, जब दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान युवक ट्रेन के जनरल डिब्बे के बाहर खड़े होकर आतिशबाजी करने लगा। चलती ट्रेन में इस तरह पटाखे जलाने का वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इस घटना को लेकर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे थे।
पेंड्रा रोड स्टेशन पर तलाशी के दौरान गिरफ्तारी
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। दोनों एजेंसियों ने आरोपी की पहचान और तलाश शुरू की। इसके बाद पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की सघन जांच की गई। तलाशी के दौरान संदिग्ध युवक सुरजीत सिंह को पकड़ लिया गया।
रेलवे एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जानकारी दी गई है। चलती ट्रेन में आतिशबाजी जैसी घटना यात्रियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। रेलवे प्रशासन की ओर से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

