स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: विशाखापत्तनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: विशाखापत्तनम पहले, जबलपुर दूसरे और लखनऊ तीसरे स्थान पर

प्रेषित समय :20:27:18 PM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर/नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए. इस बार स्वच्छता रैंकिंग में विशाखापत्तनम ने पहला, जबलपुर ने दूसरा और लखनऊ ने तीसरा स्थान हासिल किया. वहीं सुपर स्वच्छ लीग में नवी मुंबई पहले, सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा.

पिछले सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग में इंदौर पहले, सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे स्थान पर थे. इस बार इंदौर राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में जगह नहीं बना सका. वहीं राजस्थान के जयपुर और मध्य प्रदेश के ग्वालियर को अपने-अपने राज्यों में सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला.

अहमदाबाद को मेंटर सिटी श्रेणी में पहला स्थान

मेंटर सिटी श्रेणी में अहमदाबाद ने पहला, इंदौर ने दूसरा और तिरुपति ने तीसरा स्थान हासिल किया. स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत क्रमशः साणंद, देपालपुर और कुप्पम को मेंटी सिटी बनाया गया था. इस पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभवों से दूसरे शहरों को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने में मदद देना है.

सर्वेक्षण में तीन नई पहल पर विशेष जोर

इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में शहरों की भौगोलिक स्थिति और विशेष चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तीन श्रेणियों पर विशेष ध्यान दिया गया.
1. स्वच्छ शहर जोड़ी: मेंटर और मेंटी शहरों के बीच सहयोग और स्वच्छता के बेहतर मॉडल साझा करने की पहल.
2. रिवर टाउन और अर्बन रिवर फ्रंट: नदी किनारे बसे शहरों की स्वच्छता और नदी तटों के रखरखाव का मूल्यांकन.
3. कोस्टल एरिया: समुद्र तटीय शहरों के लिए अलग मूल्यांकन मानक निर्धारित किए गए.

अलग-अलग श्रेणियों में ये शहर रहे आगे

- स्वच्छ तटीय शहर: पुरी (ओडिशा), अलाप्पुझा (केरल) और रत्नागिरी (महाराष्ट्र).
- स्वच्छ पर्वतीय शहर: जम्मू (जम्मू-कश्मीर), रुद्रपुर (उत्तराखंड) और शोपियां (जम्मू-कश्मीर).
- स्वच्छ रिवरफ्रंट शहर: रीवा (मध्य प्रदेश), बिलासपुर (छत्तीसगढ़) और वाराणसी (उत्तर प्रदेश).

भोपाल सात साल की मेहनत के बाद टॉप-2 में पहुंचा, इस बार बाहर

भोपाल ने लगातार सात साल के प्रयासों के बाद पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का स्थान हासिल किया था. हालांकि, इस बार शहर राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में जगह नहीं बना सका. इसकी एक प्रमुख वजह आदमपुर छावनी में जमा करीब पांच लाख टन पुराने कचरे का निपटान नहीं होना माना जा रहा है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रकरण विचाराधीन है.

जयपुर को राज्य में सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार

राजस्थान का कोई भी शहर इस बार किसी राष्ट्रीय श्रेणी में शीर्ष तीन में जगह नहीं बना सका. हालांकि, जयपुर को राज्य स्तर पर सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला. दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जयपुर शीर्ष तीन में शामिल नहीं हो पाया. पिछले सर्वेक्षण में जयपुर टॉप-20 में रहा था.

3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन पहले, चंडीगढ़ दूसरे स्थान पर

तीन लाख से दस लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि चंडीगढ़ दूसरे नंबर पर रहा. इस श्रेणी में शहरों का मूल्यांकन 43 अलग-अलग मानकों के आधार पर किया गया. इनमें कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक प्रबंधन, कचरे का निस्तारण, सार्वजनिक स्थानों की सफाई और स्वच्छता अभियान में नागरिकों की भागीदारी शामिल रही.

लखनऊ ने तीसरा स्थान बरकरार रखा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया. पिछले सर्वेक्षण में 44वें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर पहुंचने वाले लखनऊ ने इस बार भी अपनी रैंकिंग बरकरार रखी. सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में देश के 4,751 से अधिक शहरों को शामिल किया गया. इनका मूल्यांकन दस प्रमुख क्षेत्रों और 43 मानकों के आधार पर किया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-