जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गढ़ा स्थित खेरमाई मंदिर के पास मार्निंग वॉक पर निकले डिफेंस फैक्ट्री के एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारी को बदमाशों ने गर्दन पर चाकू अड़ाकर सोने की चेन लूट ली। लूट की वारदात को अंजाम देकर लुटेरे धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पुलिस ने वृद्ध की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस सूत्रों से मिली सनसनीखेज जानकारी के अनुसार, डिफेंस फैक्ट्री से रिटायर हुए रामगोपाल कुशवाहा अपनी रोजाना की आदत के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। शहर अभी गहरी नींद में था और सड़कें सूनी थीं। जब रामगोपाल गढ़ा के प्रसिद्ध खेरमाई मंदिर के सामने से गुजर रहे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाश एक काले रंग की बिना नंबर की बाइक से आए रामगोपाल की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। वृद्ध कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने वृद्ध को जान से मारने की धमकी देते हुए गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना से घबराए वृद्ध रामगोपाल ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंच गए, कुछ लोगों ने लुटेरों को पकडऩे के लिए पीछा किया लेकिन वे भागने में सफल रहे। घबराए हुए रामगोपाल ने तुरंत अपने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और उनके साथ सीधे गढ़ा थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पीडि़त बुजुर्ग ने पुलिस को बताया कि लुटेरे बेहद शातिर और कम उम्र के थे, जिनकी उम्र करीब 20 से 24 साल के बीच रही होगी। उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए लाल, काली और चेक शर्ट से अपने मुंह पूरी तरह ढक रखे थे। बुजुर्ग के साथ हुई इस दुस्साहस भरी घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। गढ़ा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर शहरभर की नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
जबलपुर में सुबह के वक्त टहलने निकले सेवानिवृत्त डिफेंस कर्मी की गर्दन पर चाकू अड़ाकर सोने की चेन लूटी
प्रेषित समय :05:25:54 AM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


