लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने गठबंधन कर लिया है. दोनों दलों ने इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है. गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की. चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे. मोर्चा प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मोर्चा का लक्ष्य 2027 में सत्ता परिवर्तन करना है. भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों का व्यापक गठबंधन जरूरी था, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण ऐसा नहीं हो सका. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से भी मोर्चे में शामिल होने की अपील की.
वंचित वर्गों को राजनीतिक ताकत देने का दावा
चंद्रशेखर ने कहा कि यह केवल तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव का मंच है. इसमें वंचित, पीड़ित और शोषित वर्गों को जोड़कर मजबूत राजनीतिक ताकत खड़ी की जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाती. उनके मुताबिक, सत्ता में आने वाली सरकारों ने इन वर्गों को मुख्यधारा में लाने के वादे किए, लेकिन उनकी स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ.
भाजपा को सत्ता में आने से रोकने का लक्ष्य: ओवैसी
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भाजपा को उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि वंचित वर्गों को अब तक केवल वोटर के रूप में इस्तेमाल किया गया है और प्रदेश के युवाओं के सामने बेरोजगारी बड़ी चुनौती है. ओवैसी ने कहा कि मोर्चा प्रदेश की जनता के साथ मिलकर इंसाफ की लड़ाई लड़ेगा और भविष्य की राजनीति पर ध्यान देगा. गठबंधन की आगे की रणनीति तय करने के लिए 26 नवंबर को बैठक प्रस्तावित है.
किश्तवाड़ में जवानों की शहादत का मुद्दा उठाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के स्वास्थ्य की कामना करते हुए भाजपा नेताओं से जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में शहीद हुए दो जवानों के मुद्दे पर भी बात करने को कहा. इस पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्हें किसी को राष्ट्रभक्ति का प्रमाण देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने सरकार से देश और सीमाओं की सुरक्षा को लेकर जवाब मांगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

