अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में लंबे समय से दहशत का कारण बने कबरा हाथी को लेकर वन विभाग ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है. इस हाथी के हमलों में अब तक 18 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. लगातार हो रही जनहानि को देखते हुए विभाग ने अब इसे जंगल में छोड़ने के बजाय सीधे रमकोला स्थित हाथी रेस्क्यू सेंटर में रखने का निर्णय लिया है.
पहले वन विभाग की योजना हाथी को ट्रेंकुलाइज कर उसके गले में रेडियो कॉलर लगाने और तमोर पिंगला के जंगल में छोड़ने की थी. इस क्षेत्र में पर्याप्त चारा और पानी उपलब्ध होने के कारण इसे हाथी के लिए अनुकूल माना जा रहा था. लेकिन हाथी के लगातार आक्रामक व्यवहार और लोगों पर हमलों को देखते हुए अधिकारियों ने योजना बदल दी.
कुमकी हाथियों की मदद से ट्रक में किया जाएगा शिफ्ट
नई योजना के मुताबिक, कबरा हाथी को पहले बेहोश किया जाएगा. इसके बाद कुमकी हाथी की सहायता से उसे ट्रक में लोड कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया जाएगा. वन विभाग का मानना है कि केवल कॉलर आईडी लगाकर उसे किसी दूसरे जंगल में छोड़ना पर्याप्त नहीं होगा.
इस अभियान के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम पहुंच रही है. रेस्क्यू सेंटर में हाथी को क्राल में रखा जाएगा. यह लोहे के गर्डर या मजबूत लकड़ियों से तैयार किया जाने वाला विशेष बाड़ा होता है, जिसमें हाथी की गतिविधियों को सीमित रखा जाता है.
उमेश्वरपुर में महिला को कुचलकर मार डाला
कबरा हाथी का आतंक एक बार फिर बुधवार रात देखने को मिला. सूरजपुर जिले के प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर गांव में रात करीब 11 बजे हाथी पहुंच गया था. गांव में हाथी आने की जानकारी मिलने पर 45 वर्षीय दिलासो बाई अपने पति अर्जुन मरावी के साथ पड़ोसियों को सतर्क करने के लिए घर से बाहर निकली थीं.
उनका बेटा घर का दरवाजा बंद करने के लिए पीछे रुक गया. इसी दौरान दिलासो बाई हाथी के सामने आ गईं. हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
कई गांवों से गुजरकर उदयपुर के जंगल में पहुंचा
महिला की मौत के बाद हाथी रातभर में लक्ष्मीपुर, खरसुरा, खोंधला, सलका और जरहाडीह होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया. फिलहाल उसकी मौजूदगी उदयपुर जनपद पंचायत कार्यालय के सामने झिरमिटी इलाके में स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास स्थित जंगल में बताई गई है.
हाथी की मौजूदगी रिहायशी क्षेत्र के इतने करीब होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. वन विभाग की टीमें लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं.
पांच स्थानों से निगरानी, ड्रोन से भी रखी जा रही नजर
वन विभाग ने हाथी की निगरानी के लिए पांच अलग-अलग स्थानों पर टीमें तैनात की हैं. ड्रोन कैमरे की मदद से भी जंगल में उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
अधिकारियों ने ग्रामीणों को जंगल की तरफ नहीं जाने और हाथी के नजदीक पहुंचने से बचने की सलाह दी है. उदयपुर शहर के करीब हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है.
हाथी के खतरे को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने जंगल से एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है.
इस आदेश के तहत स्वामी आत्मानंद स्कूल उदयपुर के अलावा डूमरडीह, धौरापारा, ललमटियापारा और जरहाडीह के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूल बंद रखे गए हैं.
मौके पर सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, बीईओ मृत्युंजय पांडेय सहित वन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
दीपावली से लगातार जारी हैं हाथी के हमले
कबरा हाथी के हमलों का सिलसिला दीपावली की रात से लगातार चर्चा में है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात इसने दो ग्रामीणों की जान ली थी. इसके बाद एक नवंबर को सरगुजा-सूरजपुर सीमा क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई, जबकि आठ नवंबर को भी एक ग्रामीण हाथी के हमले का शिकार हुआ था.
अब उमेश्वरपुर में दिलासो बाई की मौत के बाद वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर पहुंचाना और आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

