जबलपुर. एमपी के जबलपुर में माढ़ोताल स्थित बुंदेला बाबा आईटीआई इलाके में बीती रात किराना दुकान पर गुटखा खरीदने और शराब के लिए पैसे मांगने से भड़का विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें चाकूबाजी, लात-घूंसों, डंडों और अंधाधुंध पथराव से कई लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए. इस सनसनीखेज घटना के बाद से दोनों पक्षों में दहशत और भारी तनाव का माहौल है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पहली घटनारात करीब 9:30 बजे की है. 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला श्रीमति जयंती पटेल निवासी बुंदेला बाबा आईटीआई ने माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. कि कृष्णा किराना दुकान के पास खड़ी थी, तभी आरोपी आयुष बेन वहां पहुंचा और धौंस जमाते हुए मंजू पटेल से शराब पीने के लिए पैसों की डिमांड करने लगा.
जब मंजू ने रुपये देने से साफ इनकार किया, तो आयुष आगबबूला होकर खुलेआम गंदी-गंदी गालियां बकने लगा. शोर सुनकर जयंती का बेटा उमाशंकर बीच-बचाव करने दौड़ा, तभी वहां घात लगाए बैठे राजा बेन, करन बेन और रितिक बेन भी आ धमके. उमाशंकर ने जब उन्हें गाली-गलौज करने से रोका, तो चारों खून के प्यासे होकर उस पर टूट पड़े. आरोपियों ने बेरहमी से हाथ-मुक्कों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. यहां तक कि राजा बेन ने चाकू से उमाशंकर वार किया. बीच-बचाव करने आए संदीप पटेल और भागचंद पटेल को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा. उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए. इस खूनी खेल में संदीप के माथे और भागचंद की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं.
पुलिस ने आयुष, राजा, करन और रितिक के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है. माहौल तब और ज्यादा सुलग उठा जब दूसरे पक्ष से श्रीमति संगीता बेन 45 वर्ष ने पुलिस थाने पहुंचकर एक और सनसनीखेज मामला दर्ज कराया. संगीता ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा आयुष रात करीब 8.30 बजे मंजू पटेल की दुकान पर गुटखा लेने गया था, जहां पुराना विवाद फिर भड़क गया था. वह बेटे को समझा-बुझाकर किसी तरह घर ले आई थी. आरोप है कि इसके कुछ देर बाद मंजू पटेल, प्रकाश पटेल, संदीप पटेल, मुन्ना पटेल उर्फ परम, जयंती पटेल और ममता पटेल समेत अन्य लोग एक राय होकर उनके घर के बाहर आ धमके.
हमलावरों ने घर को घेरकर जमकर पथराव किया और परिवार की बेटियों तथा बेटों (आयुष व राजा) के साथ बेरहमी से मारपीट की. संगीता का आरोप है कि हमलावरों ने सरेआम जातिसूचक शब्दों का अपमानजनक इस्तेमाल किया और पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी दी. इस क्रूरतापूर्ण हमले में संगीता को अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी दोनों बेटियों को लहूलुहान हालत में तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. पुलिस ने इस पक्ष की शिकायत पर भी बीएनएस और एससीएसटी एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तेजी से विवेचना शुरू कर दी है. एक ही इलाके में दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प से हड़कम्प मचा रहा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

