500 रुपए देकर छोड़ा था गैस कनेक्शन का आवेदन, कंपनी ने भेज दिया 15 हजार का वसूली नोटिस

500 रुपए देकर छोड़ा था गैस कनेक्शन का आवेदन, कंपनी ने भेज दिया 15 हजार का वसूली नोटिस

प्रेषित समय :18:23:54 PM / Thu, Nov 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घरेलू गैस कनेक्शन दिए बिना उपभोक्ता से हजारों रुपए की वसूली का मामला सामने आया है. गणेश राम दुबे नाम के 75 वर्षीय बुजुर्ग ने अवंतिका गैस लिमिटेड के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में शिकायत की थी. सुनवाई के बाद आयोग ने कंपनी की कार्यप्रणाली को सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार माना. आयोग ने कनेक्शन निरस्त करने के साथ कंपनी को बुजुर्ग को कुल 4 हजार रुपए मुआवजा और मुकदमे का खर्च देने का आदेश दिया है.

500 रुपए जमा किए, लेकिन कनेक्शन नहीं लिया

जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र नगर निवासी गणेश राम दुबे ने अवंतिका गैस लिमिटेड के शर्मा फार्म स्थित सीएनजी मदर स्टेशन से घरेलू गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. इसके लिए उन्होंने 500 रुपए जमा किए थे. कनेक्शन की प्रक्रिया के दौरान उनसे अतिरिक्त पाइप के लिए करीब 1,800 रुपए मांगे गए.

दुबे ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया और कनेक्शन लेने का इरादा छोड़ दिया. उनका कहना था कि उनके घर में गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हुई और न ही उन्होंने गैस का इस्तेमाल किया.

15,782 रुपए की वसूली के लिए भेजा नोटिस

बुजुर्ग के मुताबिक, कनेक्शन नहीं लेने के बावजूद कुछ समय बाद उनके नाम पर 15,782 रुपए की वसूली का मामला राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत किया गया. इसके बाद उन्हें नोटिस मिला.

दुबे ने कंपनी को कानूनी नोटिस भेजा और फिर उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई. कंपनी ने 8,497 रुपए माफ करने की बात कही, लेकिन बाकी 7,285 रुपए जमा करने की मांग जारी रखी.

कंपनी का कहना था कि इस रकम में 5,500 रुपए की सुरक्षा राशि और 1,785 रुपए अतिरिक्त पाइप के शुल्क के शामिल हैं. कंपनी के अनुसार, कनेक्शन की फिटिंग कर दी गई थी, लेकिन पाइप का शुल्क जमा नहीं होने के कारण गैस आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी.

सुविधा दिए बिना वसूली को आयोग ने माना गलत

सुनवाई के दौरान उपभोक्ता आयोग ने पाया कि गणेश राम दुबे को वास्तव में गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई थी. आयोग के सामने ऐसा कोई अनुबंध भी नहीं था, जिससे कंपनी की ओर से मांगी जा रही अतिरिक्त राशि को उचित ठहराया जा सके.

आयोग ने माना कि जब उपभोक्ता को गैस की सुविधा ही नहीं मिली और उन्होंने गैस का उपयोग भी नहीं किया, तो उनसे इस तरह वसूली की मांग करना सेवा में कमी और अनुचित व्यापार व्यवहार है.

आयोग ने यह भी कहा कि 75 वर्ष की उम्र में लगातार वसूली के नोटिस मिलने से बुजुर्ग को मानसिक परेशानी होना स्वाभाविक है.

कनेक्शन निरस्त, कंपनी को 4 हजार रुपए देने का आदेश

उपभोक्ता आयोग ने आदेश दिया कि यदि दुबे के नाम पर कोई गैस कनेक्शन जारी किया गया है, तो उसे शुरुआत से ही निरस्त माना जाए. कंपनी अब उनसे किसी भी तरह की राशि की मांग नहीं कर सकेगी.

आयोग ने मानसिक परेशानी के लिए 3,000 रुपए और मुकदमे के खर्च के रूप में 1,000 रुपए देने का निर्देश दिया है. कंपनी को यह राशि 45 दिनों के भीतर चुकानी होगी.

यह आदेश उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा और सदस्य रेवती रमन मिश्रा की पीठ ने सुनाया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-