मोबाइल शॉप संचालक पर बदमाशों ने किया जानलेवा हमला, मंदिर जाते वक्त रास्ता रोककर मारे चाकू

मोबाइल शॉप संचालक पर बदमाशों ने किया जानलेवा हमला, मंदिर जाते वक्त रास्ता रोककर मारे चाकू

प्रेषित समय :17:47:17 PM / Thu, Nov 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोसलपुर स्थित रमनपुर में उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब मंदिर जा रहे मोबाइल शॉप संचालक सुन्दरम केवट को रास्ते में रोककर बदमाशों ने चाकुओं से प्राणघातक हमला कर दिया. हमले में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई है. जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है.  

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम रमनपुर निवासी 25 वर्षीय सुन्दरम केवट की इलाके में एक मोबाइल की दुकान है. बीती रात करीब 9 बजे सुन्दरम अपनी दुकान का शटर गिराकर स्थानीय खेरमाई मंदिर दर्शन करने के वास्ते पहुंचा था. जैसे ही सुन्दरम मंदिर परिसर के पास पहुँचा, वहां पहले से ही घात लगाकर खड़े कुख्यात बदमाश सौरभ सेन और उसके साथियों ने उसे घेर लिया. बदमाशों ने उस पर पैसों की अवैध मांग का दबाव बनाना शुरू कर दिया. जब सुन्दरम ने अपनी मेहनत की कमाई बदमाशों को देने से मना कर दिया और आगे बढऩे लगा. तभी बदमाशों ने सुन्दरम को दबोच लिया और ताबड़तोड़ चाकुओं से वार करने शुरू कर दिए.

अचानक हुए इस खौफनाक हमले से सुन्दरम संभल तक नहीं पाया और लहूलुहान होकर सड़क पर गिरकर तड़पने लगा. इसके बावजूद बदमाशों की दरिंदगी कम नहीं हुई, उन्होंने गिर चुके युवक पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे उसके हाथ, पैर, कमर और पीठ पर गंभीर और गहरे जख्म हो गए. इस खूनी तांडव को देखकर आसपास के इलाकों में कोहराम मच गया. चीख-पुकार सुनकर जब कुछ साहसी स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करने और सुन्दरम की जान बचाने का प्रयास किया, तो बेखौफ बदमाशों ने हाथ में चमकते धारदार हथियार लहराते हुए उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर खदेड़ दिया.

इस दुस्साहस के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में दुबक गए. घटना के बाद लहूलुहान और दर्द से कराहते सुन्दरम को उसके परिजन तुरंत गोसलपुर थाना लेकर पहुंचे, जहां उसने पुलिस के सामने आपबीती सुनाई. पुलिस ने फौरन गंभीर हालत में घायल को अस्पताल पहुंचाकर आरोपी सौरभ सेन व उसके साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-