जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रामपुर स्थित शंकरशाह नगर में पी डब्ल्यू डी मंदिर के सामने खेत के पास रहने वाले शेखर चक्रवर्ती के घर पर बीती शाम आधा दर्जन से अधिक असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला बोल दिया. पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड से लैस होकर पहुंचे हमलावरों की इस दबंगई से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है.
प्रत्यक्षदर्शियों और पीडि़त परिवार के मुताबिक, छोटू बेन, सोनू बेन, आशीष बेन, पिल्लू बेन, वंश बेन और गब्बर बेन ने घर पर धावा बोलकर अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया. हमले के वक्त घर में शेखर चक्रवर्ती, उनकी पत्नी रिंकी और 11 व 14 साल के दो मासूम बच्चे मौजूद थे. बदमाशों को दंपती और बच्चों ने किसी तरह कमरों के भीतर छिपकर अपनी जान बचाई. बेखौफ गुंडों ने घर के परिसर में खड़ी महिंद्रा बोलेरो, लोडिंग वाहन, ऑटो लोडिंग और एक एक्सेस टू-व्हीलर को रॉड व पत्थरों से पीट-पीटकर बुरी तरह चकनाचूर कर दिया. इतना ही नहीं, हमलावरों ने परिसर के 3 से 4 कमरों में घुसकर घर का सारा सामान तहस-नहस कर डाला. गाडिय़ों के कांच टूटने की आवाज से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई.
पीडि़त परिवार का कहना है कि आरोपियों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसका बदला लेने के लिए यह खौफनाक साजिश रची गई. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि शंकर नगर के ठीक सामने सेठी नगर में बीते दिन हुए सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़े तत्व ही अब इलाके में खुलेआम गुंडागर्दी कर खौफ पैदा कर रहे हैं. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल है. डरे-सहमे रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में सख्त गश्त बढ़ाने और फरार बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.

