भोपाल. मध्य प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के करीब नौ महीने बाद मतदाता सूची में 8 लाख 18 हजार 563 नए मतदाता जुड़े हैं. इस दौरान पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में अधिक इजाफा हुआ है. कुल नए मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 53.5 प्रतिशत रही.
फरवरी 2026 में जारी अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 सामान्य मतदाता दर्ज थे. वहीं, नवंबर में जारी प्रारूप मतदाता सूची में यह संख्या बढ़कर 5 करोड़ 47 लाख 99 हजार 628 हो गई है. सर्विस वोटरों को मिलाकर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 पहुंच गई है.निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले नौ महीनों में महिला मतदाताओं की संख्या में 4 लाख 38 हजार 361 की वृद्धि हुई, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 3 लाख 80 हजार 169 बढ़ी है. इससे प्रदेश की मतदाता सूची में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का रुझान सामने आया है.
महिला और पुरुष दोनों वर्गों में बढ़े मतदाता
फरवरी की अंतिम मतदाता सूची और नवंबर की प्रारूप सूची की तुलना में दोनों प्रमुख वर्गों के मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
पुरुष मतदाता: 2.79 करोड़ से बढ़कर करीब 2.82 करोड़.
महिला मतदाता: 2.60 करोड़ से बढ़कर करीब 2.65 करोड़.
थर्ड जेंडर मतदाता: 904 से बढ़कर 937.
इस अवधि में सामान्य मतदाताओं की कुल संख्या में करीब 1.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
127 नए मतदान केंद्र बनाए गए
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 21 केंद्र समाप्त किए गए हैं. इसके बाद राज्य में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 72 हजार 36 हो गई है.मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में गुरुवार को निर्वाचन सदन में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई. इसमें प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों की प्रारूप फोटो मतदाता सूची साझा की गई. सूची में सामान्य मतदाताओं के अलावा 71 हजार 530 सर्विस वोटर भी शामिल हैं. इनमें 68 हजार 978 पुरुष और 2 हजार 552 महिला मतदाता हैं. इसके अलावा 5 लाख 62 हजार 366 दिव्यांग और 184 अप्रवासी भारतीय मतदाता भी दर्ज हैं.
11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के साथ ही निर्वाचन विभाग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मतदाता 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक नाम, पता और अन्य जानकारियों में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा. इन तारीखों पर मतदाता अपने मतदान केंद्र पहुंचकर नाम जुड़वाने, हटवाने या विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
18 साल के होने वाले युवाओं को भी मिलेगा मौका
ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है.
पात्र युवा और अन्य नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है.
मतदान केंद्र और बीएलओ से संबंधित जानकारी के लिए चुनाव आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची की जांच और सुधार प्रक्रिया में सहयोग मिल सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

