पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

पहाड़ों में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मध्य प्रदेश  समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

प्रेषित समय :11:42:50 AM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में भी दिखने लगा है. पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेशऔर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. सुबह के समय कई शहरों में कोहरा और धुंध छाने लगी है. दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ बढ़ते वायु प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

पंजाब में शुक्रवार सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा और कुछ शहरों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है. मध्य प्रदेश में गुरुवार रात 20 शहरों का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. वहीं, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लखनऊ और कानपुर समेत करीब 20 शहरों में कोहरा देखने को मिला. प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है. हरदोई में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

राजस्थान में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड में भी मौसम बदलने के आसार हैं. यहां सात जिलों में शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 3,200 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है.उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों में शुक्रवार सुबह तापमान शून्य से काफी नीचे दर्ज किया गया. केदारनाथ में पारा माइनस 8 डिग्री, बद्रीनाथ में माइनस 7 डिग्री, गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री और यमुनोत्री में माइनस 7 डिग्री सेल्सियस रहा.

पांच जिलों में शनिवार-रविवार को बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में शनिवार और रविवार को बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद 18 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट के चलते आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-