660 मेगावाट के पावर प्लांट मॉडल पर 15 युवा इंजीनियरों का प्रशिक्षण शुरू

660 मेगावाट के पावर प्लांट मॉडल पर 15 युवा इंजीनियरों का प्रशिक्षण शुरू

प्रेषित समय :18:29:49 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड ने अपने युवा इंजीनियरों को आधुनिक तकनीक और बिजलीघर संचालन की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए नई पहल की है. इसके तहत नयागांव स्थित मध्य प्रदेश पावर जनरेशन ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में 660 मेगावाट क्षमता वाले सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट के हूबहू मॉडल पर आधारित मल्टीफंक्शनल पावर जनरेशन ट्रेनिंग सिम्युलेटर से प्रशिक्षण शुरू किया गया है. कंपनी के 15 युवा इंजीनियरों का पहला आधिकारिक बैच इस आधुनिक प्रणाली पर दो सप्ताह का प्रशिक्षण ले रहा है. इस सिम्युलेटर की स्थापना अगस्त में की गई थी.

प्रशिक्षण की शुरुआत के अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम, डायरेक्टर कॉमर्शियल मिलिन्द भान्दक्कर, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण एवं विकास) डॉ. अशोक तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

कंट्रोल रूम जैसा अनुभव, सुरक्षित माहौल में अभ्यास

कंपनी के विभिन्न ताप और जल विद्युत गृहों से चयनित इंजीनियरों को इस सिम्युलेटर के माध्यम से वास्तविक बिजलीघर के कंट्रोल रूम जैसा वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है. इसमें प्लांट संचालन, ग्रिड सिंक्रोनाइजेशन और टरबाइन नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण तकनीकी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया जा रहा है.

इस प्रणाली की खासियत यह है कि इंजीनियर बिजलीघर में संभावित तकनीकी खराबी, आपात स्थिति और अचानक बिजली उत्पादन बंद होने जैसी परिस्थितियों का सामना करने का अभ्यास कर सकते हैं. इससे उन्हें बिना किसी वास्तविक उपकरण या ग्रिड को जोखिम में डाले तत्काल निर्णय लेने और समस्या का समाधान करने का अनुभव मिलता है.

तकनीकी दक्षता बढ़ाने की दिशा में पहल

660 मेगावाट क्षमता वाले सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट के मानकों पर आधारित यह सिम्युलेटर कंपनी के बिजलीघरों की तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसके जरिए इंजीनियरों को वास्तविक तैनाती से पहले ही जटिल परिचालन प्रक्रियाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का अवसर मिलेगा.

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था से इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता, कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में सुधार होगा. इसका लाभ भविष्य में बिजली उत्पादन की निरंतरता, परिचालन सुरक्षा और प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय बनाने में मिलेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-