जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में रेल पटरियों की गुणवत्ता सुधारने और सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैक नवीनीकरण एवं अनुरक्षण कार्यों को गति दी जा रही है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक तीनों मंडलों में रेल, स्लीपर और टर्नआउट बदलने सहित ट्रैक अनुरक्षण के विभिन्न कार्य व्यापक स्तर पर किए गए.
पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और प्रमुख मुख्य इंजीनियर के निर्देशन में इंजीनियरिंग विभाग द्वारा इन कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है. इस दौरान पुरानी और घिसी हुई रेल पटरियों एवं स्लीपरों को बदलने, टर्नआउट के नवीनीकरण और पटरियों के नीचे बिछी गिट्टी की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया.
सात महीने में ट्रैक नवीनीकरण के प्रमुख कार्य
अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच पश्चिम मध्य रेल में कुल 305 ट्रैक किलोमीटर रेल नवीनीकरण (टीआरआर) और 267 ट्रैक किलोमीटर स्लीपर नवीनीकरण (टीएसआर) किया गया. इसके अलावा 414 टर्नआउट का नवीनीकरण किया गया. इस अवधि में 238 टर्नआउट और 262 ट्रैक किलोमीटर प्लेन ट्रैक की डीप स्क्रीनिंग भी पूरी की गई.
रेलवे के अनुसार, इन कार्यों से ट्रैक की मजबूती, स्थिरता और गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है. साथ ही पटरियों की संभावित खामियों को दूर कर रेल परिसंपत्तियों की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता बढ़ाई जा सकती है.
आधुनिक मशीनों से हो रहा अनुरक्षण
ट्रैक नवीनीकरण एवं अनुरक्षण के कार्य आधुनिक ट्रैक मशीनों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं. कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए योजनाबद्ध अनुरक्षण ब्लॉक, नियमित निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया जा रहा है.
पश्चिम मध्य रेल का कहना है कि ट्रैक अनुरक्षण को प्राथमिकता देने का उद्देश्य रेल अवसंरचना को मजबूत बनाना और संभावित तकनीकी खामियों की रोकथाम करना है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

