चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: AAP ने जारी की 9 उम्मीदवारों की पहली सूची, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को वार्ड 24 से टिकट

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: AAP ने जारी की 9 उम्मीदवारों की पहली सूची, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को वार्ड 24 से टिकट

प्रेषित समय :19:12:04 PM / Fri, Nov 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चंडीगढ़. आम आदमी पार्टी (AAP) ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पहली सूची में 9 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं. पार्टी की ओर से जारी सूची पर चंडीगढ़ के राज्य प्रभारी जरनैल सिंह और पार्टी की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष विजय पाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर हैं.

घोषित 9 उम्मीदवारों में 5 महिलाएं शामिल हैं. इनमें गुरप्रीत कौर लड्डी, अंजू कात्याल, राधिका ढींगरा, सतनाम कौर और एडवोकेट अरुण प्रभा खुरचा को टिकट दिया गया है. वहीं, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार को वार्ड नंबर 24 से चुनाव मैदान में उतारा गया है.

पूर्व मेयर कुलदीप कुमार की बदली सीट

चंडीगढ़ के पूर्व मेयर कुलदीप कुमार इस बार वार्ड नंबर 24 से चुनाव लड़ेंगे. वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में वे वार्ड नंबर 26 से पार्षद चुने गए थे. हालांकि, 2026 की नई वार्ड आरक्षण व्यवस्था के तहत वार्ड नंबर 26 को सामान्य (महिला) श्रेणी के लिए आरक्षित कर दिया गया है. इसके चलते पार्टी ने उन्हें अनारक्षित वार्ड नंबर 24 से उम्मीदवार बनाया है.

अंजू कात्याल पर AAP ने फिर जताया भरोसा

आम आदमी पार्टी ने मौजूदा पार्षद अंजू कात्याल को एक बार फिर वार्ड नंबर 22 से टिकट दिया है. अंजू कात्याल वर्ष 2021 के चुनाव में इसी वार्ड से जीतकर पार्षद बनी थीं. इस बार वार्ड का आरक्षण दर्जा सामान्य (महिला) से बदलकर अनारक्षित (सामान्य) हो गया है. इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें दोबारा इसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है.

AAP उम्मीदवारों की पहली सूची

वार्ड नंबर उम्मीदवार का नाम
1 दिलदार सिंह
21 गुरप्रीत कौर लड्डी
22 अंजू कात्याल
23 ओंकार सिंह औलख (सनी)
24 कुलदीप कुमार
25 राधिका ढींगरा
27 अजित सिंह जीन्द
30 सतनाम कौर
32 एडवोकेट अरुण प्रभा खुरचा

दिसंबर में प्रस्तावित हैं नगर निगम चुनाव

चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव इसी साल दिसंबर में प्रस्तावित हैं. राज्य चुनाव आयोग ने भी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोग की ओर से शहर के सभी 35 वार्डों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं. फिलहाल चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी का मेयर है.

इससे पहले गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-