कटनी जेल के गेट पर पुलिस अभिरक्षा से तीन आरोपी फरार, एक पकड़ाया; दो की तलाश जारी

कटनी जेल के गेट पर पुलिस अभिरक्षा से तीन आरोपी फरार, एक पकड़ाया; दो की तलाश जारी

प्रेषित समय :13:24:35 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

कटनी. मध्यप्रदेश के कटनी में पुलिस अभिरक्षा से तीन आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है. शुक्रवार देर शाम बहोरीबंद पुलिस तीनों को जिला जेल में दाखिल कराने पहुंची थी. इसी दौरान झिझरी स्थित जेल के मुख्य गेट के सामने आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकले. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस ने एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है.

जेल में दाखिले के दौरान भागे आरोपी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बहोरीबंद पुलिस ने धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए राकेश, रंजीत और अभिषेक को गिरफ्तार किया था. शुक्रवार देर शाम पुलिस टीम तीनों को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची. इसी दौरान तीनों आरोपी पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकले.

एक आरोपी दोबारा गिरफ्तार, दो की तलाश

स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मुताबिक, फरार हुए तीन आरोपियों में से एक को पुलिस ने पकड़ लिया है. बाकी दो आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं. उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जेल के मुख्य गेट के सामने पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले में आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है.

15 करोड़ की किसना ज्वेलर्स चोरी की जांच भी चुनौती

गौरतलब है कि कटनी में करीब 15 करोड़ रुपये की किसना ज्वेलर्स चोरी का मामला पहले से ही पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. इस मामले की जांच जारी है. शुक्रवार को डीआईजी अतुल सिंह और आईजी प्रमोद वर्मा ने भी जांच की समीक्षा की थी. इसी बीच तीन आरोपियों के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की घटना ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-