जबलपुर. कटनी में सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जबलपुर की टीम ने रेलवे के एक वरिष्ठ अनुभाग अभियंता को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. आरोपी अजयवीर सिंह न्यू कटनी जंक्शन पर वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (इलेक्ट्रिक-एम) के पद पर पदस्थ है. सीबीआई ने 5 नवंबर की रात ट्रैप कार्रवाई कर उसे रंगे हाथों पकड़ा. शुक्रवार को उसे जबलपुर स्थित सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
सीबीआई के अनुसार, कटनी के श्याम मुखर्जी वार्ड निवासी शशांक कुशवाहा ने अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता रेलवे में ठेकेदार हैं और उनके कर्मचारी स्टेशन पर काम करते हैं. आरोप है कि कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद अजयवीर सिंह ने प्रति कर्मचारी 1,500 रुपए के हिसाब से रिश्वत मांगी थी. इस तरह कुल 45 हजार रुपए की मांग की गई थी.
शिकायत मिलने पर 4 नवंबर को सीबीआई उपनिरीक्षक आयुष कुमार ने स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में आरोपों का सत्यापन किया. इस दौरान अधिकारी द्वारा 45 हजार रुपए मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद 5 नवंबर की रात भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की गई.
500 रुपए के 90 नोटों से बिछाया जाल
सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई से पहले कटनी पुलिस लाइन में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तैयारी की. शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने 500 रुपए के 90 नोट, कुल 45 हजार रुपए, टीम को उपलब्ध कराए. इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया.
सीबीआई के मुताबिक, आरोपी ने तेजराम कुशवाहा से 45 हजार रुपए लिए. तय संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

