फर्जी गारंटर बनाकर ले लिया 90 लाख रुपए का लोन, शातिर गिरोह के तीन सदस्यों ने किया कारनामा

फर्जी गारंटर बनाकर ले लिया 90 लाख रुपए का लोन, शातिर गिरोह के तीन सदस्यों ने किया कारनामा

प्रेषित समय :15:53:27 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गोरखपुर क्षेत्र में एक बड़े वित्तीय धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला सामने आया है. बैंक ऑफ इंडिया की नर्मदा रोड शाखा से बिना जानकारी के एक व्यक्ति को फर्जी गारंटर बनाकर 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराने और 75 लाख रुपये हड़पने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है.

शिकायतकर्ता दिलदार हुसैन उम्र 63 वर्ष, निवासी नया पुल, गोहलपुर को 30 दिसंबर 2025 को बैंक ऑफ इंडिया से एक सूचना पत्र और 2 जनवरी 2026 को विधिक नोटिस मिला. दस्तावेजों में उन्हें मैसर्स ए.बी.एस. काम (पार्टनरशिप फर्म) के ऋण में गारंटर के रूप में दर्शाया गया था. फर्म के पार्टनर बाबी खान और वकील खान बताए गए थे, जिनसे पीडि़त का कभी कोई परिचय नहीं रहा. जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचते हुए जमील अली और मोहम्मद हबीब के आधार व पैन कार्ड में कूटसाचना कर, वकील अहमद और दिलदार हुसैन का प्रतिरूपण किया. इसके आधार पर बैंक ऑफ इंडिया नर्मदा रोड शाखा से 90 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराकर 75 लाख रुपये प्राप्त कर लिए गए और बैंक को सदोष हानि पहुंचाई गई.

पूर्व में भी सामने आए थे फर्जीवाड़े के संकेत-

पीडि़त दिलदार हुसैन को पहले ही अपने पूर्व में बेचे गए गोडाउन ग्राम खैरी, पनागर के संबंध में बैंक कर्मचारियों के आने और 70 लाख रुपये के ऋण की भनक लग चुकी थी. उन्होंने समय रहते थाना गोहलपुर, अधारताल और गोरखपुर में शिकायतें दर्ज कराई थीं. जांच के दौरान गवाहों के कथन और बैंक दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61 के तहत मामला दर्ज किया है.

इनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर-
-बाबी पिता वकील खान, निवासी आधारताल
-जमील अली कथित वकील अहमद, निवासी- मदार छल्ला
-मोहम्मद हबीब कथित दिलदार हुसैन, निवासी- गोहलपुर, मूलत: भोपाल

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-