प्रयागराज. लोन की किस्तें बकाया होने पर फाइनेंस कंपनियां रिकवरी एजेंटों या बाहुबलियों के जरिए जबरन वाहन जब्त नहीं कर सकतीं. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि कर्ज की वसूली के लिए कंपनियों को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा. वाहन वापस लेने का अधिकार होने के बावजूद वे सड़क पर किसी को रोककर या धमकाकर वाहन नहीं छीन सकतीं. इसके लिए सिविल कोर्ट या मध्यस्थता जैसे वैधानिक विकल्प अपनाने होंगे.
बंदूक की नोक पर छीना था वाहन, 45 में से 31 किस्तें जमा कर चुका था पीड़ित
यह आदेश सादाब अहमद की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया. याचिका के मुताबिक, सादाब ने दिसंबर 2023 में टाटा का मालवाहक वाहन खरीदा था, जिसे एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज ने फाइनेंस किया था. समझौते के तहत उन्हें 64,059 रुपये की 45 मासिक किस्तें चुकानी थीं. इनमें से 31 किस्तें जमा करने के बावजूद 9 अगस्त 2026 को चंदौली जिले में कंपनी के लिए काम करने वाले कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. आरोप है कि बंदूक की नोक पर धमकाकर वाहन छीन लिया गया और जब्त संपत्ति की सूची पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए.
निजी कंपनियों को राज्य जैसी दमनकारी शक्तियां नहीं मिल सकतीं
पीड़ित ने फाइनेंस कंपनी, स्थानीय पुलिस और जिला मजिस्ट्रेट से शिकायत की, लेकिन राहत नहीं मिलने पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. मामले की सुनवाई जस्टिस जेजे मुनीर और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ल की खंडपीठ ने की. अदालत ने कहा कि समझौते की शर्तों की मनमानी व्याख्या कर जबरन वसूली या वाहन छीनने की अनुमति नहीं दी जा सकती. ऐसा करने से निजी कंपनियों को राज्य जैसी दमनकारी शक्तियां मिल जाएंगी, जो कानून के तहत स्वीकार्य नहीं हैं. कोर्ट ने यह भी कहा कि हाईवे पर रास्ता रोककर बंदूक की नोक पर वाहन छीनने के आरोपों का कंपनी की ओर से खंडन नहीं किया गया.
वाहन लौटाने, कर्ज का पुनर्गठन करने और 10 हजार रुपये हर्जाना देने का आदेश
हाईकोर्ट ने फाइनेंस कंपनी को सादाब अहमद का वाहन बिना किसी पूर्व शर्त के तत्काल लौटाने का निर्देश दिया है. साथ ही बकाया कर्ज का पुनर्गठन बिना दंडात्मक ब्याज लगाए करने को कहा है. जबरन और गैरकानूनी तरीके से वाहन जब्त करने पर कंपनी पर 10 हजार रुपये का हर्जाना भी लगाया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

