पुणे. पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ देर बाद लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आ गई. विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. हालांकि, पायलट की सूझबूझ और सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई. सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 (VT-IZE) ने पुणे से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी. कुछ देर बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है और बाहर की स्थिति में ही अटका हुआ है. स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने भारतीय वायु सेना और अन्य संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया. एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, एम्बुलेंस और बचाव दलों को रनवे के पास तैनात किया गया.
कम ऊंचाई पर उड़ाकर की लैंडिंग गियर की जांच
लैंडिंग गियर की स्थिति का पता लगाने के लिए विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया. इस दौरान अधिकारियों ने बाहर निकले लैंडिंग गियर का निरीक्षण किया. आवश्यक जांच के बाद विमान ने सुबह 9:04 बजे पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. इसके बाद तीन फायर-फाइटिंग वाहनों और दो एम्बुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक पहुंचाया गया. विमान की सुरक्षा सुनिश्चित होने पर सुबह 9:10 बजे ATC ने फुल इमरजेंसी समाप्त करने की घोषणा की. इसके बाद एयरोब्रिज के जरिए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
दूसरे विमान से गुवाहाटी भेजे जाएंगे यात्री
इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है. इंडिगो यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से पुणे एक वैकल्पिक विमान भेजने की व्यवस्था कर रही है. पूरे घटनाक्रम के दौरान भारतीय वायु सेना, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, इंडिगो और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने समन्वय के साथ काम किया. फिलहाल, तकनीकी खराबी के कारणों को लेकर इंडिगो की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

