श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है. राजस्थान ATS, राजस्थान पुलिस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर दोनों को पकड़ा. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए राजस्थान लाया गया है.
रेलवे ट्रैक पर यह विस्फोट 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले के 50 GB गांव के पास हुआ था. सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर शुरू हुई जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की भूमिका की आशंका जताई गई है.
पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के इशारे पर धमाके का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के एक हैंडलर ने दोनों आरोपियों को रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने का निर्देश दिया था. पुलिस का आरोप है कि साजिश के तहत रेलवे लाइन पर IED लगाकर यात्री ट्रेन को निशाना बनाने की योजना थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर हैंडलर के निर्देश पर विस्फोट किया. हालांकि, धमाके के समय तक ट्रेन घटनास्थल से गुजर चुकी थी, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया.
महिला के खाते में पाकिस्तान से रकम आने के संकेत
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान महकदीप कौर के बैंक खाते में पाकिस्तान से रकम भेजे जाने के संकेत मिले हैं. आरोपियों को पाकिस्तान से हथियार उपलब्ध कराए जाने की आशंका भी जताई गई है. गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से दो पिस्तौल और 46 कारतूस बरामद किए गए हैं. जांच एजेंसियां अब हथियारों और रकम की सप्लाई के माध्यमों का पता लगा रही हैं.
साजिश के नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने मामले का दायरा बढ़ा दिया है. आरोपियों को स्थानीय स्तर पर मदद पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है. इस सिलसिले में कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी खबर है.एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट की योजना कहां तैयार हुई, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से आरोपियों का संपर्क कैसे हुआ और इस कथित साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले में और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

