चित्रकूट. दीपावली पर दीप जलाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली चित्रकूट के रामनगर में पलट गई. हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं. घायलों में पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है. ट्रॉली में 20 लोग सवार थे, जो दीपावली का मेला देखने के बाद रीवा और प्रयागराज लौट रहे थे.
हादसा रविवार रात करीब 2:30 बजे जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर मऊ तहसील के रामनगर कस्बे में हुआ. रैपुरा थाना क्षेत्र में नहर के पास चलते ट्रैक्टर से ट्रॉली जोड़ने वाला हुक अचानक निकल गया. इससे ट्रैक्टर करीब 50 मीटर आगे निकल गया, जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई. उसमें सवार लोग नीचे दब गए.
हादसे के बाद कुछ महिलाएं किसी तरह बाहर निकलीं और पास की बस्ती में पहुंचकर मदद मांगी. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया.
रीवा का एक और प्रयागराज के तीन मृतक
मृतकों की पहचान रीवा के शिववास (7), प्रयागराज के त्रिवेणी (40), नन्हें (6) और राधे कृष्ण (52) के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक, मृतकों में एक रीवा के मझिगवां थाना क्षेत्र के चाकघाट और तीन प्रयागराज के ऊंचागांव के निवासी थे.
पुलिस के अनुसार, रीवा और प्रयागराज के 25 लोग रविवार शाम चित्रकूट में दीपावली मेले में आए थे. पूजा-पाठ के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे. ट्रैक्टर पर पांच और ट्रॉली में बच्चों समेत 20 लोग सवार थे. सूचना मिलने पर डीएम पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे. सीएमओ महेंद्र त्रिपाठी ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

