तेहरान. पश्चिमी ईरान में इराक सीमा के पास एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ, जब तेल एवं गैस परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार शाम इलाम प्रांत में देहलोरन के पास दश्त अब्बास-मुर्मुरी सड़क पर हुई. बस ‘देहलोरन एनजीएल 3100’ तेल एवं गैस परियोजना के कर्मचारियों को लेकर जा रही थी. स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:25 बजे बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने रविवार को बताया कि हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. इससे पहले स्थानीय अधिकारियों ने नौ लोगों की मौत की पुष्टि की थी. दुर्घटना में घायल 16 लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है.
राष्ट्रपति ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने घटना पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. हादसे में जान गंवाने वाले कई लोग अब्दानन क्षेत्र के निवासी थे. घटना के बाद इलाम प्रांत में एक दिन और अब्दानन में दो दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है.
हादसे की जांच, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज एजेंसी (आईएसएनए) के अनुसार, अब्दानन के अभियोजक अमरोल्लाह मिसाई ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. जांच में संभावित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन समेत सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

