शराब के लिए पैसे न देने पर 8वीं के छात्र का अपहरण, सुनसान इलाके में ले जाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा

शराब के लिए पैसे न देने पर 8वीं के छात्र का अपहरण, सुनसान इलाके में ले जाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा

प्रेषित समय :03:42:27 AM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महज शराब पीने के लिए एक हजार रुपये न देने पर तीन बदमाशों ने 15 वर्षीय मासूम छात्र को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल बीच सड़क पर छात्र के साथ मारपीट की, बल्कि उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अगवा किया और एक स्कूल के पीछे ले जाकर बेल्ट व लात-घूंसों से अधमरा होने तक पीटा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा आठवीं में पढ़ने वाला 15 वर्षीय किशोर 14 नवंबर की रात करीब 11 बजे अपने एक साथी के साथ शारदा चौक से पैदल कृपाल चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में रितिक केशरवानी, मोंटू केशरवानी और साहिल यादव ने उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी पहले से ही किशोर से रंजिश रखते थे। आरोपियों ने रौब झाड़ते हुए किशोर से शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की।

जब किशोर ने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया, तो तीनों आरोपी आगबबूला हो गए और वहीं बेल्ट निकालकर उस पर टूट पड़े। इतने से भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा, तो वे किशोर को जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर एमजीएम स्कूल के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। वहां तीनों ने मिलकर किशोर पर बेल्ट और हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर पिटाई में छात्र के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद डरे-सहमे किशोर ने 15 नवंबर को गोरखपुर थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रितिक केशरवानी, मोंटू केशरवानी और साहिल यादव के खिलाफ अपहरण, मारपीट, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं (बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 119(1), 140(3), 351(3), 3(5)) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें अब फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-