जबलपुर में हथियारबंद बदमाशों ने घेरा, गाड़ियां चकनाचूर कर बहुजन चेतना मोर्चा अध्यक्ष का दिनदहाड़े किया अपहरण

जबलपुर में हथियारबंद बदमाशों ने घेरा, गाड़ियां चकनाचूर कर बहुजन चेतना मोर्चा अध्यक्ष का दिनदहाड़े किया अपहरण

प्रेषित समय :15:43:33 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया है। बेलखेड़ा क्षेत्र के मेरेगांव के पास करीब 70 से 80 हथियारबंद हमलावरों ने सड़क पर तांडव मचाते हुए बहुजन चेतना विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा के काफिले पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने न सिर्फ उनकी गाड़ियों को चकनाचूर किया, बल्कि मोबाइल तोड़कर उनका दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, राधेश्याम मेहरा अपने साथियों के साथ दो गाड़ियों (थार और बोलेरो) में सवार होकर बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में शामिल होने नरसिंहपुर जा रहे थे। जैसे ही काफिला मेरेगांव के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचा, घात लगाए बैठे 70-80 बदमाशों ने हथियारों के दम पर गाड़ियां रोक लीं और ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। हमले में कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर आरोप है कि हरियाणा पासिंग नंबर की गाड़ी में आए कुछ दबंग राधेश्याम मेहरा को जबरन उठाकर अपने साथ ले गए, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार दोपहर भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष संजूलाल झारिया ने समर्थकों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर जोरदार विरोध दर्ज कराया। उन्होंने आशंका जताई है कि इस खौफनाक साजिश के पीछे सत्ताधारी दल के लोगों का हाथ हो सकता है। भीम आर्मी ने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मेहरा की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो एसपी ऑफिस का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल, बेलखेड़ा थाना पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त गाड़ियों को जब्त कर लिया है। एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें लापता नेता की तलाश व आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-