बुलेटप्रूफ सुरक्षा भी नहीं बचा पाएगी... गोल्डी ढिल्लों ने बच्चन पिता-पुत्र को दी धमकी

बुलेटप्रूफ सुरक्षा भी नहीं बचा पाएगी... गोल्डी ढिल्लों ने बच्चन पिता-पुत्र को दी धमकी

प्रेषित समय :20:03:21 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी दी है. पोस्ट में उसने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को कभी माफ नहीं किया जाएगा. उसने दोनों अभिनेताओं को निशाना बनाने की धमकी भी दी है.

गोल्डी ढिल्लों ने अपनी पोस्ट की शुरुआत सिख धार्मिक अभिवादन ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ से की. इसके बाद उसने दावा किया कि मुंबई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसके दो साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है. गोल्डी ने कहा कि इन दोनों का किसी दूसरे गैंग से संबंध नहीं है. उसने यह भी दावा किया कि उसके साथी किसी आपराधिक वारदात में शामिल नहीं थे और भविष्य में भी ऐसी कोई घटना नहीं करेंगे. पोस्ट में उसने मुंबई में अपने करीब 200 साथियों के सक्रिय होने की बात भी कही.

पोस्ट के अगले हिस्से में गोल्डी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन घटनाओं के दोषियों को माफ नहीं किया जाएगा. उसने चेतावनी दी कि दुनिया के किसी भी देश में रहने वाला व्यक्ति यदि सिख समुदाय के खिलाफ बोलेगा तो उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा.

गोल्डी ने पोस्ट में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेते हुए धमकी दी कि वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ इंतजाम कर लें, उन्हें गोली मारी जाएगी. पोस्ट के साथ उसने 1984 के दंगों में न्याय की मांग से जुड़े हैशटैग भी साझा किए. हालांकि, आईएएनएस ने सोशल मीडिया पर किए गए इस पोस्ट और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.

अमिताभ पहले भी आरोपों को बता चुके हैं गलत

अमिताभ बच्चन पर 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान हिंसा भड़काने वाले नारे लगाने के आरोप पहले भी लगाए जा चुके हैं. हालांकि, अभिनेता इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं. वर्ष 2011 में उन्होंने अकाल तख्त को पत्र लिखकर आरोपों को गलत बताया था. उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने कभी सिख समुदाय के खिलाफ हिंसा का समर्थन नहीं किया. यह विवाद पिछले साल उस समय फिर चर्चा में आया था, जब गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में अमिताभ बच्चन से मिले थे और सम्मान में उनके पैर छुए थे. इसके बाद कुछ संगठनों ने दिलजीत के इस व्यवहार की आलोचना की थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-