रेवाड़ी. हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. बावल के बनीपुर चौक के पास चने से भरा ट्रक एक हुंडई i-10 कार पर पलट गया. हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच साल का बच्चा घायल हो गया.
ट्रक के नीचे दबने से कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से ट्रक हटाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. बचाव कार्य के दौरान कार की खिड़कियां तक काटनी पड़ीं. सभी को बावल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक, सरिता, नितिन और दिव्या को मृत घोषित कर दिया.
हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक तेज रफ्तार में था. उसने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखवा दिया है. हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

