हरिद्वार. उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. टिहरी जिले के मुनि की रेती थाना क्षेत्र में गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए. बस में करीब 35 यात्री सवार थे. घटना सुबह लगभग 5:30 बजे की है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, बस हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी. गूलर बाजार के पास अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद बस पुल से नीचे खाई में जा गिरी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. डायल 112 के जरिए पुलिस को बस नंबर UK09PA9779 के खाई में गिरने की सूचना मिली थी. इसके बाद मुनि की रेती, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा. एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से बचाव दल भी तत्काल रवाना किए गए.
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. करीब 20 घायलों को क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया. इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है. एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है.
रेस्क्यू अभियान की निगरानी एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी कर रहे हैं. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों और स्थिति का जायजा ले रहे हैं. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी हादसे की जानकारी दी गई है. उन्होंने घटना पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं और जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

