मुंबई. मुंबई की लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है. चर्चगेट से विरार जा रही फास्ट लोकल ट्रेन में गुरुवार रात यात्रियों के बीच दरवाजे पर खड़े होने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच चलती ट्रेन में मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान एक यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरवाजे पर खड़े होने को लेकर शुरू हुई मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्रांट रोड और मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के बीच हुई. ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होने को लेकर दो यात्रियों के बीच पहले बहस हुई. इसके बाद दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए और चलती लोकल में हाथापाई करने लगे. मारपीट के दौरान एक यात्री संतुलन खो बैठा और ट्रेन से नीचे जा गिरा.
मुंबई सेंट्रल स्टेशन के पास टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि जिस समय यात्री ट्रेन से नीचे गिरा, उस वक्त लोकल ट्रेन मुंबई सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गुजर रही थी. ट्रेन की गति कम होने के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, इस घटना ने लोकल ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने मारपीट का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है. घटना के बाद ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों के बीच भी घबराहट का माहौल बन गया.
मुंबई लोकल में पहले भी हो चुकी हैं हिंसक घटनाएं
मुंबई की लोकल ट्रेनों में सीट, भीड़ और दरवाजे को लेकर यात्रियों के बीच विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. कुछ समय पहले ट्रेन में बारिश का पानी आने और दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में मयंक लोहार नाम के युवक पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उसकी जान चली गई थी.
वहीं, पिछले साल लोकल ट्रेन में सीट को लेकर दो महिलाओं के बीच हुई हिंसक झड़प का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस तरह की घटनाएं सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों के व्यवहार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

