तीन महीने से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग का झाड़ियों में मिला कंकाल, बैग में बेटे की तस्वीर से हुई पहचान

तीन महीने से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग का झाड़ियों में मिला कंकाल, बैग में बेटे की तस्वीर से हुई पहचान

प्रेषित समय :19:40:00 PM / Tue, Nov 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पश्चिमी सिंहभूम. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में करीब तीन महीने से लापता 70 वर्षीय बुजुर्ग का नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बड़ाजामदा में सेंट्रल अस्पताल चौक के पास पुराने लकड़ी डिपो के नजदीक झाड़ियों से पुलिस ने कंकाल बरामद किया. घटनास्थल पर मिले बैग, कपड़े, दवाइयां, डायरी और बेटे की तस्वीर के आधार पर परिजनों ने मृतक की पहचान धनंजय आपट के रूप में की है.

पुलिस ने कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है.

30 अगस्त की रात घर से निकले थे बुजुर्ग

परिजनों के मुताबिक, पंडराशाली गांव निवासी धनंजय आपट 30 अगस्त की आधी रात को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे. इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया.

उनके बेटे श्रीबाचो आपट ने बताया कि उनके पिता पहले बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग में एक ठेकेदार के यहां मुंशी का काम करते थे. नौकरी छूटने के बाद वे पंचांग के जरिए भविष्य की गणना किया करते थे.

बैग में मिला बेटे का फोटो और जरूरी सामान

मंगलवार दोपहर झाड़ियों में किसी व्यक्ति को हड्डियां दिखाई दीं. इसकी सूचना मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल पर नरकंकाल के पास एक बैग और गमछा भी मिला.

सूचना मिलने पर श्रीबाचो आपट अपने छोटे भाई चंद्रकांत के साथ वहां पहुंचे. बैग में रखे कपड़े, दवाइयां, डायरी और छोटे बेटे चंद्रकांत की तस्वीर देखकर परिजनों ने कंकाल की पहचान अपने पिता के रूप में की.

मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने की बात

पुलिस को दिए आवेदन में बेटे श्रीबाचो ने बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी. इसी वजह से वे 30 अगस्त की रात घर से निकल गए थे और फिर वापस नहीं लौटे. परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी.

फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया कंकाल

बड़ाजामदा पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मौत के कारणों से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

करीब तीन महीने से लापता बुजुर्ग का कंकाल मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-