झारखंड: स्कूल में एडमिशन के बहाने रांची लाई गई नाबालिग, कांग्रेस विधायक पर दुष्कर्म का आरोप; FIR दर्ज

झारखंड: स्कूल में एडमिशन के बहाने रांची लाई गई नाबालिग, कांग्रेस विधायक पर दुष्कर्म का आरोप; FIR दर्ज

प्रेषित समय :16:34:52 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रांची. झारखंड की राजधानी रांची में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है. इस मामले में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा सहित अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

पीड़िता सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है. शिकायत के मुताबिक, मई 2026 में एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा नाम की महिलाएं उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची लेकर आई थीं. आरोप है कि इसके बाद उसे विधायक भूषण बाड़ा के रांची स्थित आवास पर रखा गया.

घर के काम के साथ निर्माण कार्य कराने का आरोप

नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया कि रांची पहुंचने के बाद शुरुआत में उससे घर के कामकाज कराए गए. बाद में उसे निर्माण कार्य में भी लगा दिया गया. आरोप है कि उससे ईंट और बालू ढुलवाने जैसे काम कराए जाते थे. काम ठीक से नहीं कर पाने पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता था.

पीड़िता ने विधानसभा थाना, रांची में लिखित शिकायत देकर विधायक भूषण बाड़ा समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

5 अगस्त की घटना का शिकायत में उल्लेख

शिकायत में 5 अगस्त 2026 की एक घटना का विशेष रूप से जिक्र किया गया है. नाबालिग का आरोप है कि विधायक के आवास पर मौजूद रहने के दौरान उसके साथ जबरदस्ती की गई. विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश करने पर उसका मुंह बंद कर दिया गया और मारपीट की गई. पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

उसका यह भी कहना है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. इसी डर के कारण वह लंबे समय तक चुप रही.

गर्भवती होने और रक्तस्राव की बात भी कही

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि सितंबर महीने में मासिक धर्म नहीं होने पर उसे संदेह हुआ. बाद में गर्भवती होने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है. शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर को उसे तेज रक्तस्राव होने लगा. इसके बाद वह अपनी बहन के साथ डॉक्टर के पास गई और अपनी परेशानी बताई.

पीड़िता का दावा है कि डॉक्टर ने जांच के दौरान गर्भ में पल रहे बच्चे के खराब होने की जानकारी दी थी. उसने यह भी आरोप लगाया कि काम के बदले उसे केवल 3 हजार रुपये दिए गए और बाद में वह अपने घर लौट गई.

सुरक्षा और कार्रवाई की मांग

लिखित शिकायत में नाबालिग ने आरोप लगाया है कि मामले से जुड़े लोग प्रभावशाली हैं और उसे अपनी जान का खतरा है. उसने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

हटिया के डीएसपी नीरज कुमार के अनुसार, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है.

भाजपा ने निकाला आक्रोश मार्च, गिरफ्तारी की मांग

मामले में FIR दर्ज होने के बाद शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला तथा झूलन सिंह चौक पर विधायक का पुतला दहन किया. प्रदर्शन के दौरान विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई.

भाजपा नेताओं ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी जनप्रतिनिधि को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता. उन्होंने पुलिस से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. विधायक और अन्य आरोपितों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-