जबलपुर. एमपी के जबलपुर में घमापुर और मदनमहल थाना क्षेत्रों में हाल ही में सामने आए धोखाधड़ी के तीन सनसनीखेज मामलों ने यह साबित कर दिया है कि डिजिटल दुनिया में आपकी एक छोटी सी चूक या लापरवाही आपको कंगाल बना सकती है. इन मामलों में साइबर ठगों ने लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने, फोन पे के जरिए पैसे भेजने और मूवी डाउनलोड करने जैसी साधारण हरकतों को अपना नायाब हथियार बनाया और देखते ही देखते तीनों पीडि़तों के बैंक खाते खाली कर दिए.
लाइफ सर्टिफिकेट का झांसा और पलक झपकते ही उड़े 32 हजार-
थाना घमापुर के अंतर्गत आने वाले पूर्वी घमापुर निवासी 65 वर्षीय राजकुमार वंशकार, जो कि सीओडी फैक्ट्री से रिटायर्ड कर्मचारी हैं, साइबर ठगी का शिकार हो गए. 14 नवंबर की रात लगभग 7:50 बजे वे अपने मोबाइल पर इंस्टाग्राम रील्स देख रहे थे, जिसमें लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने से जुड़ी एक जानकारी दी गई थी. बुजुर्ग राजकुमार ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आ गया. कॉल करने वाले शातिर ठग ने खुद को एसबीआई का एजेंट बताया और लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने का झांसा देकर उनसे तमाम जानकारियां हासिल कर लीं. ठग के बहकावे में आकर बुजुर्ग ने अपनी निजी जानकारी, ओटीपी, मोबाइल के आखिरी 4 अंक और एटीएम का पिन नंबर तक साझा कर दिया. इसके बाद शातिर ने उन्हें '402' डायल करने को कहा. जब राजकुमार ने ऐसा किया तो पर्याप्त बैलेंस न होने का मैसेज आया. जब उन्होंने अपना बैंक स्टेटमेंट चेक किया, तो उनके पैतृक खाते से 32 हजार 494 रुपये गायब हो चुके थे. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है.
सोशल ड्राय क्लीनर के मजदूर को लगा 26 हजार का फटका-
दूसरा मामला भी घमापुर थाना क्षेत्र का ही है. लालमाटी घमापुर निवासी 51 वर्षीय अशोक कुशवाहा, जो एक सोशल ड्राय क्लीनर्स में मजदूरी कर अपना घर चलाते हैं, ठगी का शिकार बने. 2 नवंबर की दोपहर वे अपने काम के दौरान घर पैसे भेजना चाहते थे. उन्होंने फोन पे के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी कारणों से पैसे ट्रांसफर नहीं हुए. जब उन्होंने अपना बैलेंस चेक किया, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि खाते में मात्र 10 रुपये शेष बचे थे. किसी अज्ञात शातिर ने उनके मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से 26 हजार 10 रुपये चुपचाप ट्रांसफर कर लिए थे. पुलिस ने इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मूवी डाउनलोड करने का शौक पड़ा भारी, छात्रा के खाते से उड़े 41 हजार-
तीसरा सनसनीखेज मामला मदनमहल थाना क्षेत्र का है. स्नेहनगर निवासी 18 वर्षीय छात्रा श्रेया पटेल, जो ग्लोबल कॉलेज में पढ़ाई कर रही है, साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई. 9 अक्टूबर की रात उनके भाई श्रेयांश पटेल ने व्हाट्सएप पर मूवीज बॉक्स एप की एक लिंक भेजी थी, ताकि वे आसानी से फिल्में डाउनलोड कर सकें. छात्रा ने लिंक ओपन कर ऐप डाउनलोड कर लिया. लेकिन इसके अगले ही दिन सुबह करीब 11 बजे उनका मोबाइल अचानक स्विच ऑफ हो गया और खुद-ब-खुद सिस्टम अपडेट होने लगा. शाम को जब वह विजयनगर में डॉक्टर के पास गईं और दवा के 220 रुपये ऑनलाइन चुकाने के बाद बैलेंस चेक किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. खाते में सिर्फ 241 रुपये बचे थे! जब ट्रांजैक्शन हिस्ट्री खंगाली गई, तो पता चला कि 10 अक्टूबर को उनके खाते से 41 हजार रुपये फकीर मोहम्मद नामक व्यक्ति के खाते में यूपीआई और फोन पे के जरिए ट्रांसफर किए जा चुके थे. पुलिस ने अज्ञात हैकर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-
