झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पंचायत चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. खेतड़ी उपखंड की विजय नगर ग्राम पंचायत में मतदान समाप्त होने से करीब एक घंटे पहले मतदान केंद्र के पास मारपीट और पथराव की घटना हुई. इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की उपचार के दौरान मौत हो गई. घटना में करीब 5 से 7 अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. मारपीट और तोड़फोड़ के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहे हैं.
मतदान केंद्र के पास शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी की पुत्रवधू सुमन इस बार सरपंच पद की प्रत्याशी हैं. चुनावी गतिविधियों के बीच मतदान समाप्त होने से लगभग एक घंटे पहले मतदान केंद्र के नजदीक किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी ने मारपीट और पथराव का रूप ले लिया.
इसी दौरान एक पत्थर लक्ष्मी नारायण सैनी के सिर पर लग गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल उपचार के लिए नीमकाथाना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्धों से पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कार्रवाई की. शुरुआती सूचनाओं के अनुसार, पुलिस ने तीन से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
पुलिस वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. मृतक का शव नीमकाथाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है.
पूर्व मंत्री जितेंद्र सिंह ने जताया दुख
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी नीमकाथाना अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए.
जितेंद्र सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव जैसे लोकतांत्रिक आयोजन के दौरान इस तरह की हिंसा होना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद विजय नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र में तनाव को देखते हुए प्रशासन सतर्क है. पुलिस का प्रयास है कि स्थिति सामान्य बनी रहे और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

