गोड्डा. झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 12,500 किलोमीटर जीएसबी सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है. राज्य के सभी 24 जिलों में सड़कें बनाई जाएंगी. इसके तहत उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में भी शामिल नहीं हैं.
ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग ने जिलावार निर्माण लक्ष्य निर्धारित किया है. इनमें पूर्वी सिंहभूम को सर्वाधिक 1,400 किलोमीटर, पलामू को 1,100, गढ़वा को 1,000, चतरा को 850 और लातेहार को 800 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य दिया गया है.
इसी तरह पश्चिमी सिंहभूम में 750, हजारीबाग में 700, बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी. लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर, जबकि देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है. शेष जिलों के लिए भी जरूरत के अनुसार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं.
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. सड़क संपर्क बढ़ने से किसानों को अपनी उपज, फल और सब्जियां बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी. इससे आवागमन का समय और परिवहन लागत घटेगी. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे.
उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उद्देश्य ऐसी टिकाऊ सड़कों का निर्माण करना है, जिनका लाभ ग्रामीण आबादी को लंबे समय तक मिल सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

