अमेरिका में राहुल गांधी बोले- भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

अमेरिका में राहुल गांधी बोले- भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रेषित समय :15:38:14 PM / Wed, Nov 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. अमेरिका दौरे के दौरान कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बन चुकी है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार की जरूरत बताई.

मंगलवार को यूनिवर्सिटी में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने कहा, “भारत एक आर्थिक आपदा की कगार पर खड़ा है. देश में बेरोजगारी की बहुत बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है.” उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे मध्यमवर्गीय युवाओं में भविष्य को लेकर निराशा बढ़ रही है, क्योंकि उन्हें रोजगार और बेहतर अवसरों की संभावनाएं नजर नहीं आ रही हैं.

चुनाव आयोग पर भी लगाए आरोप

राहुल गांधी ने बातचीत के दौरान एक बार फिर चुनाव में धांधली और ‘वोट चोरी’ के आरोप दोहराए. उन्होंने दावा किया कि 2024 के चुनाव में मतदान के पात्र 14 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए. उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था में सुधार जरूरी है. राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास चुनावी अनियमितताओं के सबूत हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्था के भीतर के कुछ लोग दबाव और डर के कारण उनसे संपर्क कर रहे हैं. उनके मुताबिक, देश में राजनीतिक और सामाजिक माहौल में बदलाव आ रहा है और छात्र आंदोलनों ने इसमें भूमिका निभाई है.

भाजपा ने लगाया देश को बदनाम करने का आरोप

राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करने वाले बयान देते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को देश की प्रगति और लोकतंत्र की उपलब्धियां दिखाई नहीं देतीं.

भंडारी ने कहा कि जहां दुनिया भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और मजबूत लोकतंत्र के रूप में देख रही है, वहीं राहुल गांधी देश को आर्थिक आपदा की ओर बढ़ता बता रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-