मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को अदालत से बड़ी राहत मिली है. हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) से जुड़े एक पुराने मामले में अपर सत्र न्यायाधीश (ADJ) कोर्ट ने बुधवार को दिनेश की जमानत याचिका मंजूर कर ली है. इससे ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को ही लंबे समय से फरार चल रहे दिनेश ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था.
जज ने लगाई फटकार, मांगी माफी
लगातार पेशियों से गैरहाजिर रहने के कारण 7 अक्टूबर को कोर्ट ने दिनेश के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. वारंट जारी होने के 41 दिन बाद उसने एडीजे कपिल सोनी की अदालत में सरेंडर किया. सुनवाई के दौरान अदालत ने तारीखों पर न आने को लेकर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए फटकार लगाई और कहा कि वह न्यायालय का सम्मान नहीं करता. इस पर दिनेश ने खुद को निर्दोष बताते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की बात कही. मंगलवार को जेल भेजे जाने के बाद बुधवार को बचाव पक्ष की दलीलों पर कोर्ट ने उसे जमानत दे दी.
क्या था पूरा विवाद?
यह मामला 31 दिसंबर 2023 का है. दिनेश लोधी पर आरोप है कि उसने रविंद्र सिंह यादव के आवास के बाहर खड़े स्कूटर को अपनी कार से जानबूझकर जोरदार टक्कर मारी थी. इस शिकायत पर पुलिस ने उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया था. गौरतलब है कि इससे पहले 21 सितंबर को दिनेश इसी कोर्ट परिसर की एक अन्य अदालत में दूसरे मामले में पेश होकर जमानत ले चुका था, लेकिन इस गंभीर केस में लगातार फरार चल रहा था.

