जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल (पमरे) द्वारा स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार करने और गैर-किराया राजस्व (नॉन फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसी कड़ी में अक्टूबर 2026 के दौरान जोन के जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में कैटरिंग, पार्किंग और विज्ञापन सहित विभिन्न मदों के अंतर्गत ई-ऑक्शन के माध्यम से नए अनुबंध किए गए हैं. इन अनुबंधों से रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग ₹1 करोड़ 47 लाख 78 हजार का लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा.
प्रमुख अनुबंध और उनसे प्राप्त होने वाला वार्षिक राजस्व:
अन्य यात्री सुविधाएं एवं नवाचार (₹86.62 लाख): जबलपुर मंडल के सतना में रेल कोच रेस्टोरेंट, मैहर में महिला सुविधा स्टोर, कटनी में आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, मदन महल व सागर में फूड वैन, रीवा-जबलपुर-मदन महल में अपशिष्ट प्रबंधन, दमोह में फ्लेक्स विज्ञापन और छह स्टेशनों पर पार्सल पार्किंग के लिए 5 वर्षीय अनुबंध हुए हैं. इनसे सालाना ₹70 लाख 54 हजार मिलेंगे. वहीं, भोपाल स्टेशन पर क्लॉक रूम प्रबंधन के अनुबंध से ₹16 लाख 08 हजार प्रतिवर्ष प्राप्त होंगे.
कैटरिंग सुविधाएं (₹46.73 लाख): कोटा मंडल के सवाई माधोपुर, कोटा और भरतपुर स्टेशनों पर चार प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट्स के 5 वर्षीय अनुबंध से ₹36 लाख 06 हजार, जबकि जबलपुर मंडल के कटनी और ब्यौहारी स्टेशनों पर दो कैटरिंग स्टॉल से ₹10 लाख 67 हजार का वार्षिक शुल्क मिलेगा.
पे एंड यूज शौचालय (₹9.10 लाख): कोटा मंडल के गंगापुर सिटी, झालावाड़ सिटी और भरतपुर स्टेशनों पर सामान्य पे एंड यूज शौचालयों के 5 वर्षीय संचालन अनुबंध से ₹9 लाख 10 हजार सालाना आय होगी.
वाहन पार्किंग (₹5.33 लाख): जबलपुर मंडल के बरगवां और विजयसोता स्टेशनों पर 3 वर्ष के लिए पार्किंग सुविधा के अनुबंध किए गए हैं, जिनसे क्रमशः ₹5 लाख 25 हजार और ₹8 हजार का वार्षिक राजस्व प्राप्त होगा.
ई-ऑक्शन के जरिए स्टेशन परिसरों और उपलब्ध परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर पमरे प्रशासन यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के साथ-साथ अपनी आय के स्रोत भी मजबूत कर रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

