जबलपुर में मंदिर जा रही वृद्धा के गले से सोने की चेन लूटकर भागे बाइक सवार बदमाश

जबलपुर में मंदिर जा रही वृद्धा के गले से सोने की चेन लूटकर भागे बाइक सवार बदमाश

प्रेषित समय :17:15:22 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में विजय नगर स्थित शिव नगर में आज उस वक्त सनसनी फैल गई जब वृद्ध महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सोने की चेन झपटी और मौके से रफूचक्कर हो गए. वृद्धा द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होने लुटेरों को पकडऩे के लिए पीछा किया लेकिन वे भागने में सफल रहे.

शिव नगर निवासी श्रीमती प्रभा सिंघई उम्र 80 वर्ष  सुबह रोज की तरह पूजा करने के लिए जैन मंदिर जा रही थीं. जैसे ही वे शिवशक्ति शिव पार्क के पास पहुंचीं, पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए. शातिर बदमाशों ने पहले वृद्धा को ओवरटेक किया और कुछ दूर आगे जाकर अचानक वापस लौटे. इसके बाद उन्होंने बेहद तेज रफ्तार में महिला के बिल्कुल करीब से बाइक निकाली. वृद्धा को महसूस हुआ कि किसी ने उनके गले को छुआ है.

जब तक वे कुछ समझ पातीं और हाथ लगाकर गला देखा, तो उनके होश उड़ गए, गले से सोने की चेन गायब थी. उन्होंने शोर मचाते हुए दोनों लड़कों को आवाज भी लगाई, लेकिन लुटेरे हवा से बातें करते हुए आंखों से ओझल हो गए. घटना से सहमी पीडि़ता ने रात में विजयनगर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-