भुवनेश्वर. ओडिशा में संभावित चक्रवात 'अक्वान' को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है. अब तक तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने 47 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है.
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के शुक्रवार दोपहर गोपालपुर के पास हरिपुर तट से टकराने की आशंका है. इसके मद्देनजर राज्य के 20 जिलों में राहत और बचाव के इंतजाम किए गए हैं.
4,170 गर्भवती महिलाएं भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचीं
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों में 4,170 गर्भवती महिलाएं शामिल हैं. इनमें से 1,317 महिलाओं ने सुरक्षित आश्रयों में बच्चों को जन्म दिया है. राज्यभर में 9,341 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार रखे गए हैं, जिनमें 2,623 को सक्रिय कर दिया गया है. प्रशासन जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है.
राहत-बचाव के लिए 418 टीमें तैनात
चक्रवात से निपटने के लिए ODRAF, NDRF, अग्निशमन सेवा और पेड़ हटाने वाली टीमों सहित 418 राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं. इसके अलावा 28 अतिरिक्त फायर सर्विस टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है. संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैटेलाइट फोन, मोबाइल टेलीकॉम यूनिट और बैकअप सिस्टम की व्यवस्था की गई है.
47 ट्रेनें रद्द, 28 के समय में बदलाव
चक्रवात के असर को देखते हुए रेलवे ने 47 ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया है. समुद्र में फंसे आंध्र प्रदेश के मछुआरों को सुरक्षित निकालने के लिए कोस्ट गार्ड की मदद ली जा रही है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

