जबलपुर स्टेशन के गौरवशाली इतिहास को याद करेगा पमरे, 27 नवंबर को समारोह

जबलपुर स्टेशन के गौरवशाली इतिहास को याद करेगा पमरे, 27 नवंबर को समारोह

प्रेषित समय :13:50:52 PM / Fri, Nov 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) प्रशासन अपने मुख्यालय स्थित जबलपुर रेलवे स्टेशन का 156वां स्थापना दिवस 27 नवंबर को भव्य समारोह के साथ मनाने जा रहा है. आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इस मौके पर स्टेशन के गौरवशाली इतिहास और जबलपुर के विकास में रेलवे के योगदान को याद किया जाएगा.

जबलपुर रेलवे स्टेशन का इतिहास ब्रिटिश शासनकाल से जुड़ा है. यह स्टेशन केवल रेल यातायात का प्रमुख केंद्र ही नहीं, बल्कि शहर के व्यापार, उद्योग और सामाजिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार रहा है. 150 साल से अधिक के सफर में इस स्टेशन ने शहर के विकास के कई दौर देखे हैं.

1867 में जबलपुर पहुंची थी पहली रेल

जबलपुर में रेल यातायात की शुरुआत वर्ष 1867 में हुई थी. ईस्ट इंडियन रेलवे (ईआईआर) की नैनी (इलाहाबाद के समीप) से जबलपुर तक आने वाली रेल लाइन 1 जून 1867 को यातायात के लिए खोली गई थी. इसके बाद ग्रेट इंडियन पेनिनसुला रेलवे (जीआईपीआर) की इटारसी से जबलपुर तक रेल लाइन 7 मार्च 1870 को पहुंची. इससे जबलपुर का रेल संपर्क मुंबई और कोलकाता की दिशा में स्थापित हुआ.

1870 में हुआ स्टेशन का उद्घाटन

जबलपुर रेलवे स्टेशन का औपचारिक उद्घाटन वर्ष 1870 में तत्कालीन वायसराय लॉर्ड मेयो द्वारा किए जाने का उल्लेख मिलता है. इसके बाद जबलपुर उत्तर और पश्चिम भारत के बीच एक महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में विकसित हुआ. समय के साथ स्टेशन का विस्तार हुआ और यहां से रेल यातायात का दायरा भी बढ़ता गया.

1952 में गठित हुआ जबलपुर रेल मंडल

आजादी के बाद रेलवे के प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत 1 अप्रैल 1952 को तत्कालीन सेंट्रल रेलवे के अंतर्गत जबलपुर रेल मंडल का गठन किया गया. आगे चलकर यह मंडल पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मंडलों में शामिल हुआ.

2003 में पमरे का मुख्यालय बना जबलपुर

रेलवे के इतिहास में 1 अप्रैल 2003 भी महत्वपूर्ण तारीख है. इसी दिन पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) अस्तित्व में आया और जबलपुर को इसका मुख्यालय बनाया गया. इसके अंतर्गत जबलपुर और भोपाल मंडल तत्कालीन सेंट्रल रेलवे से तथा कोटा मंडल पश्चिम रेलवे से शामिल किए गए.

इनका कहना है

"जबलपुर में रेलवे का इतिहास गौरवशाली रहा है. इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है. इसी उद्देश्य से पमरे प्रशासन ने जबलपुर रेलवे स्टेशन का 156वां स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया है. इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं."

डॉ. मधुर वर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-