जयपुर. राजस्थान के पंचायतीराज चुनावों की मतगणना में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा पर बढ़त बना ली है. प्रदेश की 37 जिला परिषदों के नतीजों और रुझानों में कांग्रेस 19 जिलों में आगे चल रही है. इनमें जयपुर सहित 6 जिला परिषदों में पार्टी को बहुमत मिल गया है.
शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाने वाली भाजपा अब पिछड़ती नजर आ रही है. पार्टी को अब तक 3 जिला परिषदों में बहुमत मिला है, जबकि 5 अन्य जिलों में वह बोर्ड बनाने की स्थिति में है. तीन जिला परिषदों में अन्य प्रत्याशी आगे हैं. बालोतरा में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है.
कई दिग्गजों के परिजन जीते, कुछ को हार
चूरू जिला परिषद के वार्ड नंबर 39 से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और वार्ड नंबर 23 से उनकी बहू कनिका सिंह ने जीत दर्ज की है. वहीं, तारानगर से कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया वार्ड नंबर 38 से चुनाव हार गईं.
सीकर के वार्ड नंबर 47 से डीआईजी अरशद अली की पत्नी जरीना खान को हार का सामना करना पड़ा. दौसा के वार्ड नंबर 21 से भाजपा विधायक विक्रम बंशीवाल की मां कौशल्या बंशीवाल भी चुनाव हार गईं.
झुंझुनूं के वार्ड नंबर 5 से निवर्तमान जिला प्रमुख और पूर्व सांसद नरेंद्र खींचड़ की बहू हर्षिनी कुलहरि ने जीत दर्ज की, जबकि उनकी देवरानी अनामिका चुनाव हार गईं.
बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविंद मेघवाल की बेटी सरिता मेघवाल और नोखा विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी चुनाव जीत गईं.
जयपुर में निवर्तमान जिला प्रमुख हारे
जयपुर जिला परिषद में निवर्तमान जिला प्रमुख रमा चोपड़ा (भाजपा) और उप जिला प्रमुख मोहन डागर (कांग्रेस) को हार का सामना करना पड़ा. अजमेर में पूर्व विधायक सुशील कंवर पलाड़ा भी चुनाव हार गईं.
रुझानों में कांग्रेस को बढ़त
मतगणना के दौरान सामने आए एक अन्य आंकड़े के मुताबिक, कांग्रेस 24 जिला परिषदों में आगे चल रही है, जबकि भाजपा 8 और अन्य प्रत्याशी 4 जिलों में बढ़त बनाए हुए हैं. अलग-अलग चरणों में सामने आ रहे रुझानों के कारण आंकड़ों में बदलाव संभव है. अंतिम तस्वीर सभी नतीजे घोषित होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

