गुजरात: सूरत में पुलिस का हाफ एनकाउंटर, कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर भाग रहा आरोपी गोली लगने से घायल

गुजरात: सूरत में पुलिस का हाफ एनकाउंटर, कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर भाग रहा आरोपी गोली लगने से घायल

प्रेषित समय :17:58:10 PM / Fri, Nov 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सूरत. गुजरात के सूरत में देर रात पुलिस और एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ हो गई. लिंबायत इलाके के नीलगिरी ग्राउंड के पास पुलिस ने एक युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा. पीछा करने के दौरान उसने एक कांस्टेबल पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के दौरान चाकू के हमले में कांस्टेबल भी घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने घायल आरोपी को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

लिंबायत थाने के इंस्पेक्टर डीडी चौहान के मुताबिक, पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी. इसी दौरान नीलगिरी ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा. उसकी गतिविधियों पर शक होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया.

कांस्टेबल अनिल कुमार अमर सिंह ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उसने जेब से चाकू निकालकर कांस्टेबल पर हमला कर दिया. हमले में कांस्टेबल घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर डीडी चौहान और अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए.

चेतावनी के बाद भी नहीं फेंका चाकू, पुलिस ने चलाई गोली

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को चाकू छोड़कर आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया. पुलिस ने पहले हवा में फायर किया, फिर भी आरोपी काबू में नहीं आया. इसके बाद पुलिस ने उसके पैर को निशाना बनाकर गोली चलाई.

गोली लगने से आरोपी जमीन पर गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. घायल आरोपी को सूरत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, घायल कांस्टेबल अनिल कुमार अमर सिंह का लिंबायत स्थित गैलेक्सी अस्पताल में उपचार चल रहा है.

महिधरपुरा, वराछा और कतारगाम में लूट की वारदात कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान परवेज मुशर्रफ अंसारी के रूप में हुई है. वह सूरत के लिंबायत इलाके में रहता है और मूल रूप से झारखंड का निवासी बताया गया है.

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी गुड्डू उर्फ लक्ष्मण के साथ मिलकर महिधरपुरा, वराछा और कतारगाम इलाके में लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने उसके कब्जे से लूट से संबंधित कुछ सामान भी बरामद किया है.

फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब आरोपी के साथी गुड्डू उर्फ लक्ष्मण की तलाश कर रही है. इसके साथ ही शहर के तीनों क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी अन्य वारदातों में भी शामिल थे या नहीं. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-