धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले में मैथन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो प्रतिबंधित पशु मांस बरामद किया है. पुलिस ने मांस ले जा रही पिकअप वैन को जब्त कर चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया. मामले में वाहन मालिक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है.
कार्रवाई शुक्रवार रात करीब एक बजे मैथन टोल प्लाजा के पास की गई. जानकारी के अनुसार, कुमारधुबी के शिवलीबाड़ी से पिकअप वैन में मांस लादकर आसनसोल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान उसमें करीब 500 किलोग्राम प्रतिबंधित पशु मांस मिलने की बात सामने आई.
पिकअप वैन मालिक के खिलाफ भी दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मौके से चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मांस से लदी पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया. वाहन के मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन का मालिक कुल्टी का निवासी है.
बरामद मांस का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि उसकी प्रकृति की पुष्टि की जा सके.
गुप्त सूचना पर टोल प्लाजा में हुई कार्रवाई
मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि पुलिस को प्रतिबंधित मांस ले जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने रात करीब एक बजे मैथन टोल प्लाजा के पास वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान लगभग 500 किलो मांस बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया गया.
कारोबार में शामिल लोगों पर होगी कार्रवाई
पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है. ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी संलिप्त व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. जांच के दौरान जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

