मुंबई. शादी के सीजन से पहले सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव में तेज कमजोरी आई. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने की कीमत करीब 3.71 प्रतिशत और चांदी की कीमत 5.23 प्रतिशत तक गिर गई.
एमसीएक्स पर सोने का 4 दिसंबर 2026 का वायदा अनुबंध सुबह 9:40 बजे तक 4,725 रुपये गिरकर 1,22,727 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. कारोबार के दौरान सोने ने 1,22,234 रुपये का न्यूनतम और 1,23,629 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ.
वहीं, चांदी का 4 दिसंबर का वायदा अनुबंध 8,231 रुपये की गिरावट के साथ 1,49,251 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था. कारोबार के दौरान इसका भाव 1,48,034 रुपये के निचले और 1,51,183 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊपरी स्तर तक पहुंचा.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बिकवाली
घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव बना हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3.78 प्रतिशत गिरकर 3,546 डॉलर प्रति औंस और चांदी 6.01 प्रतिशत टूटकर 41.68 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी. बाजार के जानकारों के मुताबिक, हालिया तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से कीमतों में गिरावट आई है.
फेडरल रिजर्व की बैठक पर बाजार की नजर
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में 6,000 रुपये से अधिक की गिरावट के बाद भी दबाव बना हुआ है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स गोल्ड के लिए 3,750 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम रुकावट बना हुआ है. इससे बाजार में बिकवाली का दबाव स्पष्ट हो रहा है.
अब निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की दिसंबर में होने वाली मौद्रिक नीति बैठक पर है. डॉलर की चाल, महंगाई के अनुमान और ब्याज दरों को लेकर फेड के संकेत आगे सोने-चांदी की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे. विशेषज्ञों के मुताबिक, फिलहाल बाजार का रुख कमजोर है और कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है.
मार्च 2025 के बाद डॉलर सबसे मजबूत
अमेरिकी डॉलर की मजबूती भी सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ा रही है. डॉलर इंडेक्स बढ़कर 103.74 पर पहुंच गया है, जो मार्च 2025 के बाद इसका सबसे ऊंचा स्तर है. डॉलर इंडेक्स दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं यूरो, जापानी येन, ब्रिटिश पाउंड, कनाडाई डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

