मुंबई. दिवाली के दौरान आतिशबाजी से आग लगने की बढ़ती घटनाओं ने मुंबई और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. घनी आबादी, ऊंची इमारतों, संकरी गलियों और झुग्गी बस्तियों वाले मुंबई महानगर क्षेत्र में रॉकेट जैसे हवाई पटाखे अब अग्नि दुर्घटनाओं का बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं. बीते दो दिनों में नवी मुंबई क्षेत्र में आग लगने की 150 घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मुंबई में 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक रॉकेट और इसी तरह के हवाई पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. वहीं, ठाणे जिला प्रशासन ने भी हवाई पटाखों पर रोक लगाते हुए इसे 8 जनवरी 2027 तक प्रभावी रखने का आदेश जारी किया है.
आग की घटनाओं और रिहायशी इमारतों को होने वाले खतरे को देखते हुए प्रशासन का यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि रॉकेट पटाखे हवा में जाने के बाद किसी भी दिशा में जा सकते हैं. इनके छतों, बालकनी, खिड़कियों या आसपास रखे ज्वलनशील सामान पर गिरने से आग लगने की आशंका रहती है. मुंबई जैसे महानगर में जहां इमारतें एक-दूसरे के बेहद करीब हैं, वहां छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
दो दिन में नवी मुंबई में आग की 150 घटनाएं
दिवाली के दौरान आतिशबाजी का असर नवी मुंबई के अग्निशमन विभाग के आंकड़ों में भी दिखाई दिया है. 8 और 9 नवंबर को नवी मुंबई क्षेत्र में कुल 150 अग्नि दुर्घटनाओं की सूचनाएं मिलीं. इनमें से 74 घटनाएं नवी मुंबई महानगरपालिका (एनएमएमसी) के अधिकार क्षेत्र में, 47 घटनाएं सिडको क्षेत्र में और 29 घटनाएं पनवेल महानगरपालिका क्षेत्र में दर्ज की गईं.
नवी मुंबई महानगरपालिका के मुख्य अग्निशमन अधिकारी पुरुषोत्तम जाधव के अनुसार, एनएमएमसी क्षेत्र में सामने आई आग की लगभग 90 प्रतिशत घटनाओं के पीछे पटाखों को कारण माना गया है. राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई और न ही किसी के घायल होने की सूचना मिली. हालांकि, आग से संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा. रॉकेट के कारण लगी आग से कम से कम तीन घरों को बड़ा नुकसान हुआ.
जाधव ने रॉकेट पटाखों को सबसे खतरनाक बताते हुए कहा कि इनके उड़ने की दिशा निश्चित नहीं होती. ये किसी भी ओर जा सकते हैं और घरों की छतों, बालकनी या खिड़कियों में पहुंचकर आग लगा सकते हैं. ऐसे में खुले स्थानों पर भी इन्हें चलाना जोखिम से खाली नहीं है.
वाशी में सबसे ज्यादा आग की घटनाएं
एनएमएमसी अग्निशमन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नवी मुंबई के अलग-अलग इलाकों में आग की घटनाओं का असर देखा गया. वाशी में सबसे अधिक 23 घटनाएं दर्ज की गईं. इसके बाद नेरुल में 19, ऐरोली में 13, कोपरखैरने में 12 और सीबीडी बेलापुर में सात घटनाएं सामने आईं.
इन घटनाओं से निपटने के लिए पांच अग्निशमन केंद्रों की टीमों को लगातार सक्रिय रहना पड़ा. दमकलकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर आग बुझाने और उसे आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने का काम किया. अधिकारियों के अनुसार, पटाखों से निकलने वाली चिंगारियां कई बार ऐसी जगह गिरती हैं, जहां पहले से कचरा, प्लास्टिक, कपड़ा या अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होती है. इससे आग तेजी से फैल सकती है.
तुरभे शॉपिंग सेंटर की फैक्ट्री में भीषण आग
नवी मुंबई में सामने आई घटनाओं में तुरभे शॉपिंग सेंटर की एक फैक्ट्री में लगी आग सबसे गंभीर रही. रविवार रात छत पर स्थित पेंट, थिनर और डाई बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी. बताया गया कि परिसर में थिनर, प्लास्टिक, सिरेमिक और सिंथेटिक सामग्री सहित बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉपिंग सेंटर के दोनों ओर पटाखे फोड़े जा रहे थे. आशंका जताई गई कि किसी पटाखे की चिंगारी फैक्ट्री में रखी ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई. कुछ ही मिनटों में परिसर से घना धुआं उठने लगा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलने पर वाशी और नेरुल के अग्निशमन केंद्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग के और फैलने का खतरा था. इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से नीचे की दुकानों तक लपटें पहुंचने से बच गईं और एक बड़े हादसे की आशंका टल गई.
बीएमसी ने 25 नवंबर तक रॉकेट पटाखों पर लगाई रोक
मुंबई में आग की घटनाओं को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने रॉकेट और इसी तरह के हवाई पटाखों के इस्तेमाल पर 9 नवंबर से 25 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक प्रतिबंध लागू किया है. बीएमसी के अनुसार, पिछले दो दिनों में मुंबई शहर और उपनगरों में पटाखों के कारण आग लगने की कई घटनाएं देखी गई हैं.
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि रॉकेट और अन्य हवाई पटाखे आसपास की इमारतों की छतों, बालकनी और खिड़कियों पर गिर सकते हैं. इनके ज्वलनशील वस्तुओं के संपर्क में आने से आग लगने का खतरा रहता है. मुंबई की घनी आबादी और ऊंची इमारतों की स्थिति को देखते हुए यह प्रतिबंध एहतियाती तौर पर लगाया गया है.
यह आदेश आवासीय इमारतों, छतों, बालकनी, आंगन, पार्किंग स्थल, झुग्गी बस्तियों और अन्य परिसरों पर लागू होगा. बीएमसी प्रशासन ने संबंधित जोनल पुलिस उपायुक्तों, नगर निगम के वार्ड कार्यालयों के सहायक आयुक्तों और मुख्य अग्निशमन अधिकारी को आदेश का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं. नागरिकों से भी अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए प्रतिबंध का पालन करने की अपील की गई है.
ठाणे जिले में 8 जनवरी 2027 तक हवाई पटाखों पर प्रतिबंध
आग की बढ़ती घटनाओं के बाद ठाणे जिला प्रशासन ने भी रॉकेट और अन्य हवाई पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. जिला कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने 9 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया. यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 और आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है.
प्रतिबंध सार्वजनिक और निजी दोनों तरह के परिसरों पर लागू होगा. इसमें इमारतों की छतें, बालकनी और आवासीय परिसर भी शामिल हैं. यह रोक 8 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी. आदेश के पालन की जिम्मेदारी पुलिस, स्थानीय निकायों और अग्निशमन विभागों को सौंपी गई है. हाउसिंग सोसायटियों को भी अपने निवासियों तक प्रतिबंध की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
पटाखे जलाते समय इन सावधानियों का रखें ध्यान
एनएमएमसी अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दिवाली के दौरान दीपक और पटाखे जलाते समय सुरक्षा को प्राथमिकता दें. पटाखे बड़ी इमारतों, पेड़ों और भीड़भाड़ वाले स्थानों के पास न चलाएं. घरों की खिड़कियों और बालकनी से रॉकेट छोड़ने से बचें. कचरे के ढेर, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के आसपास आतिशबाजी न करें.
विभाग ने यह भी सलाह दी है कि पटाखे चलाते समय सूती कपड़े पहनें और बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने दें. पटाखे जलाने के स्थान पर पानी और रेत की व्यवस्था रखें. बंद जगहों में पटाखे न चलाएं और उन्हें हाथ में पकड़कर जलाने से बचें. आपात स्थिति में दमकल की गाड़ियों के रास्ते में वाहन या अन्य सामान खड़ा न करें.
प्रशासन की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहार की खुशियों के बीच आग की दुर्घटनाओं को रोकना और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. लगातार सामने आ रही घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि लापरवाही से की गई आतिशबाजी कुछ ही पलों में बड़ी तबाही का कारण बन सकती है. ऐसे में नागरिकों का सहयोग और सुरक्षा नियमों का पालन ही संभावित हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

