मुंबई. भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 20 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 898 अंक यानी 1.08% उछलकर 83,920 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 300 अंक यानी 1.06% की बढ़त के साथ 25,800 के पार पहुंच गया. आईटी और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी रही.
कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1,000 अंक चढ़कर 84 हजार के स्तर को पार कर गया था. इसने 84,037.96 का उच्चतम स्तर छुआ. करीब नौ महीने बाद सेंसेक्स इस स्तर पर पहुंचा है. इससे पहले 12 फरवरी को सेंसेक्स 84,061 के स्तर पर था.
बाजार में तेजी की दो प्रमुख वजहें
1. विदेशी निवेशकों की खरीदारी
भारतीय शेयर बाजार से लगातार बिकवाली कर रहे विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने पिछले सात कारोबारी दिनों में 14,927 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं. विदेशी निवेशकों की इस खरीदारी से बाजार में मांग बढ़ी और प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर करीब 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है. भारत अपनी जरूरत का 85% से अधिक कच्चा तेल आयात करता है. ऐसे में कीमतों में गिरावट से देश के आयात बिल और महंगाई पर दबाव कम होने की उम्मीद है. इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार को सकारात्मक संकेत मिला.
निवेशकों की संपत्ति में 1.83 लाख करोड़ रुपए का इजाफा
शेयर बाजार में तेजी के चलते निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.83 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण पिछले कारोबारी सत्र के 511.97 लाख करोड़ रुपए से बढ़कर करीब 514 लाख करोड़ रुपए हो गया.

