मुंबई. दीपावली बलिप्रतिपदा के अवसर पर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में अवकाश रहेगा. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में पूरे दिन कारोबार नहीं होगा. इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग (एसएलबी) सेगमेंट में भी ट्रेडिंग बंद रहेगी.
दीपावली बलिप्रतिपदा की छुट्टी सोमवार के कारोबारी सत्र के बाद पड़ रही है. इसके बाद 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर भी शेयर बाजार बंद रहेंगे. इससे पहले सोमवार को बाजार में तेजी दर्ज की गई. सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,106.65 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 58.25 अंक यानी 0.23 प्रतिशत चढ़कर 25,044.65 के स्तर पर पहुंच गया.
कारोबार के दौरान बैंकिंग शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली. निफ्टी बैंक 1.51 प्रतिशत चढ़ा. निफ्टी पीएसयू बैंक में 3.73 प्रतिशत, फार्मा में 1.65 प्रतिशत, हेल्थकेयर में 1.33 प्रतिशत, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.92 प्रतिशत, रियल्टी में 0.77 प्रतिशत, फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.75 प्रतिशत, प्राइवेट बैंक में 0.74 प्रतिशत और इंडिया डिफेंस इंडेक्स में 0.55 प्रतिशत की तेजी रही. इसके विपरीत निफ्टी आईटी 1.22 प्रतिशत, मेटल 0.46 प्रतिशत, एफएमसीजी 0.15 प्रतिशत, कमोडिटीज 0.13 प्रतिशत और सर्विसेज इंडेक्स 0.05 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुए.
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त रही. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 334.40 अंक यानी 0.55 प्रतिशत चढ़कर 61,022.55 पर पहुंच गया. वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 18.65 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,185.05 पर बंद हुआ. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बढ़ती भागीदारी और कंपनियों के उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों ने बाजार की धारणा को मजबूती दी है. इससे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कंपनियों की कमाई के अनुमान में सुधार की उम्मीद बढ़ी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


