इंदौर. विमान से सियार टकराने की घटना के बाद इंदौर एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. एयरपोर्ट प्रबंधन और वन विभाग ने परिसर में जंगली जानवरों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया है. रनवे से लेकर आसपास के खुले क्षेत्रों में सर्चिंग की जा रही है, वहीं जानवरों को पकड़ने के लिए कई जगह पिंजरे भी लगाए गए हैं.
जांच के दौरान एयरपोर्ट की बाउंड्री से लगी कुछ जालियां टूटी हुई मिलीं. वन विभाग को आशंका है कि इन क्षतिग्रस्त हिस्सों से सियार और अन्य जंगली जानवर परिसर के भीतर प्रवेश कर सकते हैं. विभाग ने एयरपोर्ट प्रबंधन को टूटी जालियों की मरम्मत कराने का सुझाव दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
728 एकड़ से अधिक क्षेत्र में जानवरों की तलाश
इंदौर एयरपोर्ट का ऑपरेशनल क्षेत्र 728 एकड़ से अधिक में फैला है. रनवे के आसपास मौजूद खुले मैदान, घास और झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों के छिपे होने की आशंका बनी रहती है. इसके अलावा कुछ जगहों पर बाउंड्री के नीचे से भी जानवर परिसर में दाखिल हो सकते हैं.
इसी खतरे को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन और वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. परिसर में 10 से अधिक सियार और अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है. वन विभाग के डीएफओ लाल सुधाकर सिंह के अनुसार, एयरपोर्ट पर सियार की तलाश के लिए अभियान चलाया गया है. एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से तीन से चार पिंजरे भी लगाए गए हैं, जिनकी मदद से जानवरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
2014 में भी विमान से टकराया था सियार
इंदौर एयरपोर्ट पर विमान और सियार के टकराने की घटना पहले भी सामने आ चुकी है. वर्ष 2014 में इसी तरह की घटना के बाद चलाए गए अभियान में 15 से अधिक जंगली जानवरों को पकड़ा गया था.
अधिकारियों का कहना है कि रनवे पर किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी विमान के टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान गंभीर खतरा पैदा कर सकती है. ऐसे में एयरपोर्ट परिसर में नियमित सर्चिंग, जानवरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने और बाउंड्री की क्षतिग्रस्त जालियों को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

